नई दिल्ली: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रवक्ता सौरव दास ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि कुछ यूट्यूबर्स और मीडिया चैनल उनके दिल्ली स्थित घर में घुस गए हैं और अंदर के विजुअल्स दिखा रहे हैं. उन्होंने इसे अपनी प्राइवेसी में दखल और परिवार के लिए बड़ा सुरक्षा खतरा बताया है.
सौरव दास ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि कुछ यूट्यूबर्स और मीडिया चैनल मेरे घर में घुस आए हैं और अंदर के विजुअल्स दिखा रहे हैं. यह न सिर्फ मेरी प्राइवेसी में दखल है, बल्कि मेरे और मेरे परिवार के लिए एक बड़ा सिक्योरिटी खतरा भी है. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इन वीडियो की वजह से असामाजिक तत्व उनके घर पर हमला करते हैं, तो यूट्यूबर्स और उन्हें कोऑर्डिनेट करने वाले ट्रोल हैंडलर्स सीधे जिम्मेदार होंगे.
दास ने बताया कि आज सुबह करीब 15-20 लोग उनके घर पर आ धमके, जबकि कुछ लोग पिछली रात से ही बाहर डेरा डाले हुए थे. उन्होंने कहा कि इन वीडियो की वजह से अब गुंडे एक्टिव हो गए हैं, जिससे घर में रहने वाले सभी लोगों की सुरक्षा खतरे में है.
वर्तमान में सौरव दास समेत CJP की टॉप लीडरशिप महाराष्ट्र में हैं, जहां वे फाउंडर अभिजीत दीपके के साथ भविष्य की रणनीति पर चर्चा कर रहे हैं. दास ने अपने घर पर मौजूद लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है. इससे पहले जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के दौरान सौरव दास काफी चर्चा में रहे थे. अब उनके घर में कथित घुसपैठ की घटना से पार्टी और समर्थकों में चिंता बढ़ गई है.