नई दिल्ली: महाराष्ट्र के दिग्गज नेता शरद पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP-SP) में अचानक बड़ा बदलाव देखने को मिला है. पार्टी ने एक साथ अपने सभी प्रवक्ताओं को पद से हटा दिया है. हालांकि, इस फैसले की आधिकारिक वजह अभी साफ नहीं की गई है. मंगलवार रात पार्टी नेता शशिकांत शिंदे ने एक प्रेस नोट जारी कर सभी प्रवक्ताओं की नियुक्तियां रद्द कर दीं.
एक पूर्व प्रवक्ता ने बताया कि उन्हें इस अचानक फैसले के बारे में कुछ नहीं पता था. उन्होंने कहा कि यह संगठन में चल रहे फेरबदल का हिस्सा रहा होगा. जल्द ही नई नियुक्तियों के बारे में पता चलेगा. पार्टी ने कहा है कि जब तक नए प्रवक्ता नियुक्त नहीं होते, महाराष्ट्र विधानपरिषद की पूर्व सदस्य विद्या चव्हाण और नेता महेश तापसे प्रवक्ता की जिम्मेदारी संभालेंगे.
संगठन में लगातार बदलाव
बीते दो हफ्तों में NCP-SP ने कई बड़े बदलाव किए हैं. शशिकांत शिंदे को स्टूडेंट विंग का अध्यक्ष बनाया गया है, विशाल वाकडकर को युवा मोर्चे की जिम्मेदारी दी गई है और राम राठौड़ को टीचर्स सेल का प्रमुख नियुक्त किया गया है. सूत्रों का कहना है कि पार्टी आने वाले दिनों में और भी बदलाव कर सकती है.
ये फेरबदल ऐसे समय हो रहे हैं जब पार्टी परीक्षाओं में अनियमितताओं के मुद्दे पर सरकार पर हमलावर है. विधायक रोहित पवार ने MHT-CET और अन्य भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं. उन्होंने संबंधित मंत्री के इस्तीफे की मांग भी की है. शरद पवार की पार्टी में हुए इस अचानक बदलाव से सियासी हलकों में चर्चा तेज हो गई है कि क्या आगे कोई बड़ा कदम उठने वाला है.