कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभीजित दिपके ने सीजेपी के भविष्य को लेकर अहम बयान दिया है। बुधवार को छत्रपति संभाजीनगर में मीडिया से बातचीत के दौरान अभीजित दिपके ने कहा कि भारत को एक मजबूत प्रेशर ग्रुप की जरूरत है, इसलिए कॉकरोच जनता पार्टी उसी दिशा में काम करेगी। अभीजित दिपके ने कहा कि अगर हम राजनीतिक पार्टी होते, तो हमारा आंदोलन सफल नहीं होता। आंदोलन सफल इसलिए हुआ क्योंकि उसमें अलग-अलग विचारधाराओं और राजनीतिक दलों के लोग लोकतंत्र को कमजोर करने वाली चीजों के खिलाफ एक साथ आए। भारत को किसी नए राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि एक प्रेशर ग्रुप की जरूरत है।
मीडिया से बातचीत के दौरान अभीजित दिपके ने कहा कि लोगों ने आंदोलन का समर्थन इसलिए किया क्योंकि उनका चुनाव आयोग, शिक्षा व्यवस्था, न्यायपालिका और मीडिया पर भरोसा कम हो गया है। सीजेपी ने ऐलान किया है कि वह झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ खड़ी है और उनकी हर मांग का समर्थन करती है।
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में कॉकरोच जनता पार्टी की दो दिवसीय बैठक चल रही है, जिसमें जंतर-मंतर आंदोलन, E20 पेट्रोल और शिक्षा व्यवस्था जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी तथा संगठन के भविष्य पर भी बातचीत की जाएगी।
सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि प्रदर्शनकारी छात्रों पर दर्ज एफआईआर वापस लेने के लिए सरकार से लगातार बातचीत चल रही है। सौरव दास ने कहा कि सोशल एक्टिविस्ट सोनम वांगचूक संगठन को मेंटर के रूप में सलाह देंगे।