मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता आर माधवन ने सोशल मीडिया पर उन्हें 'संघी' कहे जाने और उनकी फिल्म 'धुरंधर' को प्रोपेगैंडा बताए जाने पर दो टूक जवाब दिया है. एक इंटरव्यू में उन्होंने साफ कहा कि देश के चुने हुए नेताओं का समर्थन करना उनका कर्तव्य है और ट्रोल्स उनके विचारों को नहीं बदल सकते.
गलाटा प्लस से बात करते हुए माधवन ने कहा, ''मैंने कभी किसी राजनीतिक दल या उसके नेताओं के खिलाफ कुछ शेयर नहीं किया है. अगर किसी ने अच्छा काम किया है, तो मैंने हमेशा उसकी सराहना की है. जब किसी व्यक्ति को मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री के रूप में चुना जाता है, तो मुझे लगता है कि उनका समर्थन करना मेरा कर्तव्य है.'' उन्होंने आगे कहा कि सोशल मीडिया के कमेंट्स उनके फैसलों को प्रभावित नहीं करते. ''अगर कोई इस बात को लेकर मुझे नीचा दिखाने की कोशिश कर रहा है, तो मुझे उनकी नीयत पर सवाल उठाना होगा.''
'धुरंधर' पर लगे आरोपों का खंडन
माधवन ने अपनी फिल्म 'धुरंधर' को प्रोपेगैंडा बताए जाने का भी खंडन किया. उन्होंने कहा, 'धुरंधर' पाकिस्तान की पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म है. वहां जो कुछ अच्छा या बुरा होता है, उसका भारत पर क्या प्रभाव पड़ता है, यह फिल्म वही दिखाती है. फिर यह प्रोपेगैंडा कैसे हुई?''
उन्होंने जोड़ा कि अभिनेता के रूप में उनका काम स्थिति को सही रूप में पेश करना है. माथवन ने कहा कि मेरी व्यक्तिगत राय यह है कि मैं भारत की सभी अच्छी बातों को बताना चाहता हूं. भारत की अच्छी बातें दिखाना कोई अपराध नहीं हो सकता. माधवन ने साफ कर दिया कि वे आगे भी देश की सकारात्मक छवि को पेश करने से पीछे नहीं हटेंगे.