बलिया: इंसानों और जानवरों के बीच वफादारी की एक दिल दहला देने वाली मिसाल यूपी के बलिया से सामने आई है. एक पालतू कुत्ते ने रात के अंधेरे में अपने मालिक और परिवार की जान बचाने के लिए कोबरा सांप से जंग लड़ी और आखिर में अपनी जान दे दी. बेल्थरा रोड स्थित उभांव थाना क्षेत्र के एक घर में रात के समय एक कोबरा सांप चुपचाप घर में घुसने की कोशिश कर रहा था.
बलिया जिले में रात रीब 2 बजे कोबरा सांप घर में घुसने की कोशिश कर रहा था। घर के पालतू लेब्राडॉर कुत्ते ने तुरंत सांप के सामने खड़ा हो गया और भिड़ गया। कुत्ते और कोबरा की लड़ाई लगभग एक घंटे तक चली। कुत्ते ने सांप को नोच-नोचकर मार डाला। कोबरा ने कुत्ते को भी डस लिया और मौत हो गई। pic.twitter.com/Ky0J0FwDTH
— Yogesh Mishra (@iYogeshMishra) August 4, 2026
परिवार के सदस्य अंदर आराम से सो रहे थे. गेट पर पहरेदारी कर रहा पालतू कुत्ता तुरंत सतर्क हो गया. उसने सांप को घर के अंदर जाने से रोकने के लिए छलांग लगा दी और कोबरा से भिड़ गया. दोनों के बीच काफी देर तक कड़ी लड़ाई चली. कुत्ते ने सांप को घर के बाहर ही खदेड़े रखा और अंत में उसे मार भी डाला. लेकिन इस जंग में कोबरा ने कुत्ते को कई बार डस लिया.
सांप के जहर से कुत्ते की हालत बिगड़ती गई और करीब आधे घंटे बाद आंगन में ही उसने दम तोड़ दिया. घर के बाहर एक शख्स ने पूरा दृश्य देखा, लेकिन न तो उसने मालिक को जगाया और न खुद मदद करने की कोशिश की. वह चुपचाप खड़ा रहा और मोबाइल में वीडियो बनाता रहा.
अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इसे देखकर कई लोगों की आंखें नम हो गईं. यह घटना पालतू जानवरों की अटूट वफादारी और बहादुरी की याद दिलाती है, जहां एक कुत्ते ने अपने मालिक की सुरक्षा के लिए अपनी जान तक की परवाह नहीं की.