ईओ विमल कुमार हत्याकांड: आईजी विकास वैभव की त्वरित कार्रवाई ने संभावित बड़े संकट को टाला

Amanat Ansari 05 Aug 2026 10:31: PM 2 Mins
ईओ विमल कुमार हत्याकांड: आईजी विकास वैभव की त्वरित कार्रवाई ने संभावित बड़े संकट को टाला

EO Vimal Kumar Murder Case: डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी विमल कुमार की शनिवार रात हत्या केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि बिहार के प्रशासनिक तंत्र को झकझोर देने वाली घटना साबित हुई. विमल कुमार डेहरी से पटना जा रहे थे. औरंगाबाद जिले के बारुण थाना क्षेत्र में चालक मिथिलेश कुमार ने उनकी हत्या कर दी थी.

इस संवेदनशील घटना के बाद अगर पुलिस समय पर कार्रवाई नहीं करती, जांच की दिशा स्पष्ट नहीं होती और जनता के सामने ठोस प्रगति नहीं आती, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी. नगर निकायों के अधिकारी-कर्मचारी बड़े स्तर पर आंदोलन कर सकते थे, संगठनों का आक्रोश बढ़ सकता था, अफवाहें फैल सकती थीं और कानून-व्यवस्था पर अतिरिक्त दबाव बन सकता था.

मगध पुलिस ने बिना विलंब जांच शुरू की. घटनास्थल का वैज्ञानिक परीक्षण कराया गया, तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए, संदिग्धों से पूछताछ की गई और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर प्रारंभिक कार्रवाई हुई. पुलिस ने जांच की प्रगति सार्वजनिक रूप से साझा की, जिससे लोगों में यह संदेश गया कि मामले को पूरी गंभीरता से लिया जा रहा है. बाद में विशेष जांच दल (SIT) का गठन कर यह स्पष्ट कर दिया गया कि जांच किसी एक व्यक्ति या एक संभावना तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि हर संभावित पहलू की निष्पक्ष जांच होगी.

मगध क्षेत्र के आईजी विकास वैभव की त्वरित कार्रवाई और स्पष्ट निर्देश इस पूरे प्रकरण में महत्वपूर्ण रहे. आईजी ने बताया कि मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट के अनुसार ईओ को गंभीर चोटें किसी कठोर वस्तु से पहुंचाई गई थीं, जिससे उनकी मौत हुई. रिपोर्ट के आधार पर यह लगभग स्पष्ट हो गया कि नहर से बरामद लोहे की रॉड से हत्या को अंजाम दिया गया.

गिरफ्तार चालक मिथिलेश कुमार की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रॉड गोताखोरों की मदद से पानी भरी नहर से बरामद की गई. चालक ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है. हालांकि, मामले में अन्य लोगों की भूमिका से इनकार नहीं किया गया है. ईओ की पत्नी द्वारा चालक के अलावा अन्य लोगों की संलिप्तता की आशंका जताए जाने के बाद पुलिस इस पहलू पर भी गंभीरता से जांच कर रही है.

आईजी ने बताया कि एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा के नेतृत्व में औरंगाबाद व रोहतास पुलिस की संयुक्त आठ सदस्यीय विशेष जांच टीम (SIT) गठित की गई है, जो मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है. इस हत्याकांड से जुड़े हर तथ्य को सामने लाया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.

पुलिस की त्वरित, पारदर्शी और साक्ष्य-आधारित कार्रवाई ने न केवल जांच को गति दी, बल्कि संभावित तनाव और अव्यवस्था को नियंत्रित रखने में भी भूमिका निभाई. कुछ लोगों का मानना है कि कानून-व्यवस्था बिगड़ने में जिन्हें राजनीतिक लाभ दिख रहा था, वे त्वरित कार्रवाई पर जनता का विश्वास देखकर हताश होकर निराधार आरोप लगा रहे हैं.

Dehri EO murder Vimal Kumar post-mortem report murder weapon

Recent News