लोहरदगा: झारखंड के लोहरदगा में शुक्रवार देर रात एक बेहद दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया. शादी के उत्सव में शामिल होने जा रहे तीन सगे भाई-बहनों की स्कूटी को बॉक्साइट लदे ट्रक ने रौंद दिया. हादसे में दो बहनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि भाई रांची ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ गया.
मामला लोहरदगा के मिशन चौक के पास कृषि मार्केट का है. बरवाटोली निवासी रोहित, सपना और सृष्टि तेली धर्मशाला में आयोजित एक शादी समारोह में जा रहे थे. शादी पहुंचने से पहले फूल खरीदने के लिए तीनों स्कूटी पर निकले. इसी दौरान सेन्हा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार बॉक्साइट लदे ट्रक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी.
हादसा इतना भीषण था कि सपना और सृष्टि की मौके पर ही मौत हो गई. गंभीर रूप से घायल रोहित को रिम्स रांची रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई. ट्रक चालक हादसे के बाद गाड़ी छोड़कर फरार हो गया.
आक्रोशित लोगों ने जाम किया सड़क
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया. परिजनों के साथ सैकड़ों लोगों ने देर रात 2 बजे तक सड़क जाम कर दी और मुआवजे की मांग की. उन्होंने ट्रक ड्राइवर की तुरंत गिरफ्तारी और शहर में बॉक्साइट ट्रकों की अनियंत्रित आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की. सड़क जाम के दौरान नगर परिषद अध्यक्ष अिल उरांव, वार्ड पार्षद कुमार अभिषेक, भाजपा जिला अध्यक्ष अजय पंकज समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे.
सदर थाना पुलिस, सीओ और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और फरार ड्राइवर की तलाश शुरू कर दी है. यह हादसा एक बार फिर सड़क सुरक्षा और अनियंत्रित भारी वाहनों की आवाजाही पर सवाल खड़ा करता है. परिवार के एक साथ तीन सदस्यों को खो देने का दर्द परिवार वालों के लिए अकल्पनीय है.