चतरा: झारखंड के चतरा जिले के टंडवा थाना क्षेत्र के बड़गांव गांव में मंगलवार को एक गंभीर घटना हुई. 16 वर्षीय नाबालिग लड़की सोमवार शाम घर से बाहर निकली और संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई. मंगलवार सुबह लौटकर उसने परिजनों से पड़ोसी युवक मोहम्मद इमरोज पर अपहरण और दुष्कर्म का आरोप लगाया.
घटना की खबर फैलते ही सैकड़ों लोगों की भीड़ इमरोज के घर के बाहर जमा हो गई. आक्रोशित भीड़ ने युवक पर हमला कर उसकी हत्या कर दी. बीच-बचाव करने आए उसके माता-पिता के साथ भी मारपीट की गई. पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को भीड़ से छुड़ाकर अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
टंडवा पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण कर लिया है और इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है. अब तक 11 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है. मृतक के पिता की शिकायत पर मॉब लिंचिंग और हत्या की धाराओं में एक एफआईआर दर्ज हुई है.
वहीं पीड़िता की शिकायत पर अपहरण, बंधक बनाने और दुष्कर्म से जुड़ी धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत दूसरी एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान कर आगे कार्रवाई कर रही है.