झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने झारखंड लोक सेवा आयोग की भर्ती में धांधली को लेकर छात्र प्रदर्शन के बीच झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की। बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार को झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में हुई धांधली तथा छात्रों के प्रदर्शन के बारे में अवगत कराया।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने छात्रहित को सर्वोपरि बताया और परीक्षाओं में हो रही अनियमितताओं को चिंताजनक बताया। उन्होंने संबंधित आयोगों से इस प्रकार कार्य करने की अपील की, जिससे उनकी पारदर्शिता एवं विश्वसनीयता पर सवाल न उठ सके। सीएम हेमंत सोरेन ने उन्हें आश्वस्त किया कि छात्रों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और इस मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। राज्य सरकार छात्रों को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस पूरे मामले पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि पेपर लीक का मुद्दा राष्ट्रव्यापी मुद्दा बन गया है। "पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट और अनुसंधान की स्थिति की जानकारी लेने की आवश्यकता है। झारखंड मामले में कई लोगों की गिरफ्तारी हुई है। एजेंसियां जांच में जुटी हुई हैं। मामले में ठोस समाधान के साथ हम आगे बढ़ेंगे। सरकार के दरवाजे सबके लिए खुले हुए हैं। सरकार इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है और जल्द ही ठोस समाधान की दिशा में आगे बढ़ेगी।"
दरअसल, झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की परीक्षाओं में हुई धांधली के खिलाफ रांची में छात्र लगातार 12 दिनों से प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्रों के समर्थन में देवेंद्र नाथ महतो अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। छात्र राज्य सरकार से परीक्षा रद्द करने की मांग कर रहे हैं और मामले की सीबीआई जांच की भी मांग कर रहे हैं।