लखनऊ : हाथरस में एक छोटी बच्ची की जागरूकता ने जिला प्रशासन का ध्यान शहर की बड़ी समस्या की ओर खींच दिया. कक्षा-3 में पढ़ने वाली छात्रा आश्वी ने जिलाधिकारी अतुल वत्स से मासूम अंदाज में कहा, डीएम अंकल, मेरा एक काम कर देंगे. इसके बाद उसने बताया कि रेलवे फाटक पर रोज लगने वाले भीषण जाम की वजह से उसे ट्यूशन पहुंचने में अक्सर देर हो जाती है.
बच्ची ने डीएम से अनुरोध किया कि इस समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए. आश्वी की बात सुनकर जिलाधिकारी अतुल वत्स ने उसकी समझदारी और सामाजिक जागरूकता की सराहना की. उन्होंने कहा कि इतनी कम उम्र में सार्वजनिक समस्या को समझना और उसे प्रशासन तक पहुंचाना प्रेरणादायक है. डीएम ने बच्ची को भरोसा दिलाया कि रेलवे फाटक पर लगने वाले जाम की समस्या का अध्ययन कर संबंधित विभागों के साथ मिलकर समाधान की दिशा में कार्रवाई की जाएगी.
दरअसल, हाथरस शहर में कई रेलवे क्रॉसिंग हैं, जहां ट्रेन गुजरने के दौरान अक्सर लंबा जाम लग जाता है. बागला कॉलेज रेलवे फाटक, सासनी गेट और अन्य प्रमुख क्रॉसिंग पर रोजाना लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है. कई बार तकनीकी खराबी या फाटक बंद रहने से स्थिति और गंभीर हो जाती है, जिससे स्कूली बच्चों, नौकरीपेशा लोगों और आम नागरिकों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है.
यह घटना केवल एक छात्रा की शिकायत नहीं, बल्कि शहर के हजारों लोगों की रोजमर्रा की परेशानी की आवाज बनकर सामने आई है. प्रशासन को उम्मीद है कि रेलवे और संबंधित विभागों के समन्वय से यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.