दिल्ली के पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी के संस्थापक अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया है कि मेटा ने उनका इंस्टाग्राम अकाउंट भारत में रिस्ट्रिक्ट कर दिया है। आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने एक्स के जरिए पोस्ट और तस्वीरों के साथ इंस्टाग्राम अकाउंट रिस्ट्रिक्ट होने की सूचना देते हुए लिखा, "आपने मेरा अकाउंट क्यों बंद कर दिया है? आपके कार्यालय से बातचीत करके पता चला कि मेरा अकाउंट भारत में बंद कर दिया गया है। इसके पीछे की कोई वजह नहीं बताई गई।"
पोस्ट में केजरीवाल ने मेटा से ईमेल पर स्पष्ट जवाब न मिलने का भी जिक्र किया है। अपने पोस्ट में मेटा पर हमलावर होते हुए केजरीवाल ने मेटा को सलाह देते हुए कहा, "हमारे पीएम के आगे इतना भी मत झुको, वरना एक दिन वह भारत में सिर्फ अपना अकाउंट चलाने की अनुमति देंगे।"
हाल ही में आम आदमी पार्टी प्रमुख केजरीवाल E20 पेट्रोल को लेकर सरकार पर निशाना साध रहे थे। अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि सरकार ने सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स को E20 की खामियां बताने वाली रिपोर्ट वापस लेने के लिए मजबूर किया।
कुछ दिनों पहले ही अरविंद केजरीवाल ने केंद्र सरकार की E20 पेट्रोल पॉलिसी के खिलाफ 100 लोगों के साथ पीएम हाउस तक मार्च निकालने का ऐलान किया था, जिसे दिल्ली पुलिस द्वारा फिरोजशाह मार्ग पर रोक दिया गया था।
वहीं, बात करें भारत सरकार और मेटा के बीच विवाद की, तो पीएम मोदी का एक वीडियो इंस्टाग्राम और फेसबुक से हटाए जाने को लेकर भी विवाद चल रहा है। भारत सरकार ने मेटा की ग्लोबल टीम को पीएम मोदी का वीडियो हटाने, डीपफेक कंटेंट और चाइल्ड सेक्सुअल एब्यूज मटेरियल को न रोकने के कारण समन भेजा था, जिसके बाद मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने भारत सरकार से माफी मांगी।