वाराणसी के राज्य GST विभाग की डिप्टी कमिश्नर अंबिका सिंह को 50,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया. मौके पर विजिलेंस टीम ने अंबिका सिंह को हिरासत में लिया. इस बीच महिला अधिकारियों के साथ अंबिका सिंह की हाथापाई भी हुई और उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए गिरफ्तार कर लिया गया है.
ब्लैक स्मिथ इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अजय कुमार ने 2023 की GST रिटर्न में कुछ आपत्तियों के चलते फाइल को जांच के लिए भेजा. कथित तौर पर डिप्टी कमिश्नर अंबिका सिंह ने प्रक्रिया पूरी करने के लिए उनसे 50,000 रुपये की मांग की थी.
अजय कुमार ने इस मामले की विजिलेंस विभाग में शिकायत दर्ज की, जिसके बाद गोपनीय रूप से रिश्वतखोरी को पकड़ने की योजना बनाई गई और रिश्वत लेते समय ही आरोपी अंबिका सिंह को विजिलेंस टीम ने हिरासत में ले लिया.
ऑपरेशन के तहत डिप्टी कमिश्नर अंबिका सिंह को दादा रेस्टोरेंट में बुलाया गया, जिसके बाद उनकी गतिविधियों पर नजर रखी गई. जैसे ही वह 50,000 रुपये का लिफाफा पकड़ती हैं, विजिलेंस टीम उन्हें घेर लेती है. इस बीच डिप्टी कमिश्नर अंबिका सिंह की महिला अधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई.
विजिलेंस विभाग ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत शिकायत दर्ज की है. अब मामले में सख्ती से कार्रवाई की जाएगी और अन्य मामलों की भी जांच की जाएगी.