पटना: बिहार सरकार ने किसानों को गुणवत्तापूर्ण और उन्नत बीज उपलब्ध कराने के लिए बीज अनुदान योजना शुरू की है. योजना के तहत पात्र किसानों को 100 प्रतिशत तक अनुदान पर बीज दिए जाएंगे. इच्छुक किसान 15 नवंबर तक बिहार कृषि ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
कृषि मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने बताया कि किसानों को समय पर प्रमाणित और उन्नत बीज उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है. राज्य सरकार का प्रयास है कि आर्थिक कारणों से कोई भी पात्र किसान बेहतर बीजों से वंचित न रहे. गुणवत्तापूर्ण बीजों के इस्तेमाल से फसलों की उत्पादकता बढ़ेगी, खेती की लागत नियंत्रित होगी और किसानों की आय में सुधार होगा.
कैसे करें आवेदन?
किसानों को बिहार कृषि मोबाइल ऐप या अन्य डिजिटल माध्यमों से आवेदन करना होगा. आवेदक का बिहार का निवासी होना और निर्धारित पात्रता पूरी करना जरूरी है. साथ ही, किसान का कृषि विभाग के डीबीटी पोर्टल पर निबंधन होना चाहिए. बिहार राज्य बीज निगम लिमिटेड के माध्यम से विभिन्न फसलों के उन्नत बीज अनुदान पर उपलब्ध कराए जाते हैं.
निगम द्वारा 38 जिलों में बीज वितरकों के जरिए वितरण किया जाता है. कृषि विभाग ने डिजिटल माध्यमों से किसानों को बीज की उपलब्धता और योजनाओं की जानकारी समय पर उपलब्ध कराने पर जोर दिया है, ताकि वे निर्धारित समय में आवेदन कर लाभ उठा सकें.