मुजफ्फरनगर में स्थित शिव मंदिर के एक हिस्से को पुलिस प्रशासन द्वारा ढक दिया गया। यह कदम मंगलवार रात मुहर्रम जुलूस के शिव मंदिर के पास से निकलने के कारण उठाया गया। मंगलवार रात शिव मंदिर के पास से मुहर्रम का जुलूस निकलना था, जिसे देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के लिए इलाके में कई अहम कदम उठाए।
पुलिस बल और अन्य सुरक्षा कर्मियों को भारी संख्या में तैनात किया गया। इलाके की संवेदनशीलता को देखते हुए बैरिकेडिंग और कांटेदार तारों का भी इंतजाम किया गया। वहीं, मंदिर के एक हिस्से को लाल कपड़े से ढक दिया गया, जबकि मंदिर का मुख्य द्वार श्रद्धालुओं के लिए खुला रखा गया, ताकि जुलूस बिना किसी तनाव के आगे बढ़ सके।
यह मुहर्रम जुलूस मोती महल से शुरू होकर खालापार से होते हुए वापस मोती महल पहुंचता है, जिसके मार्ग में शिव चौक भी पड़ता है। हिंदू संगठनों ने प्रशासन से कई बार जुलूस के रूट में बदलाव की मांग की है। इसे देखते हुए प्रशासन ने शिव मंदिर के आसपास के इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी।
मंगलवार रात तय रूट पर मुहर्रम का जुलूस शांतिपूर्वक संपन्न हुआ और किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।