लखनऊ/जालौन: उत्तर प्रदेश में अपनी सख्त कार्यशैली और विवादों के लिए चर्चित IAS अधिकारी रिंकू सिंह राही को जालौन से SDM (उपजिलाधिकारी) के पद से हटा दिया गया है. प्रशासनिक फेरबदल के तहत उन्हें उरई में न्यायिक मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात किया गया है. जिलाधिकारी डॉ. राजेश कुमार पाण्डेय के निर्देश पर तत्काल प्रभाव से यह बदलाव किया गया. रिंकू सिंह राही के स्थान पर राकेश कुमार सोनी को नया SDM जालौन बनाया गया है.
विवाद क्या था?
बीते 23 जून को रिंकू सिंह राही एक टीम के साथ बेतवा आइस एंड कोल्ड स्टोरेज का निरीक्षण करने गए थे. वहां कोल्ड स्टोरेज मालिक और भाजपा के जालौन ब्लॉक प्रमुख रामराजा निरंजन से कागजात दिखाने को लेकर तीखी बहस हो गई. ब्लॉक प्रमुख ने आरोप लगाया कि IAS अधिकारी ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, थप्पड़ मारने की कोशिश की और धक्का-मुक्की भी की.
ब्लॉक प्रमुख ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर CCTV फुटेज भी जारी किया और DM से शिकायत की. मामले की जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति गठित की गई थी. लगातार विवादों के चलते प्रशासन को यह कदम उठाना पड़ा.
रिंकू सिंह राही इससे पहले भी शाहजहांपुर में वकीलों के साथ विवाद और उठक-बैठक करने जैसे मामलों में सुर्खियों में रहे थे. अब देखना होगा कि नए पद पर रिंकू सिंह राही कैसी कार्यशैली अपनाते हैं. नया SDM राकेश कुमार सोनी के आने से जालौन प्रशासन में बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है.