Japan Jaame Masjid Ramzan : जापान के साइतामा प्रांत के कावागोए शहर में बनी जापान जामे मस्जिद रमजान (Japan Jaame Masjid Ramzan) इन दिनों बड़े विवाद का केंद्र बनी हुई है. स्थानीय प्रशासन ने इस मस्जिद को अवैध निर्माण घोषित करते हुए इसे हटाने का आदेश दिया है. रिपोर्टों के अनुसार, यह मस्जिद एक पाकिस्तानी नागरिक से जुड़ी कंपनी द्वारा ऐसे क्षेत्र में बनाई गई थी जहां निर्माण कार्य के लिए विशेष सरकारी अनुमति अनिवार्य थी, लेकिन आवश्यक मंजूरी नहीं ली गई.
बताया जा रहा है कि मस्जिद कावागोए के शिमो-अकासाका इलाके में लगभग 4,500 वर्गमीटर भूमि पर बनाई गई है. यह इलाका जापान के अर्बनाइजेशन कंट्रोल ज़ोन के अंतर्गत आता है, जहां अनियंत्रित निर्माण पर सख्त प्रतिबंध है. स्थानीय अधिकारियों का कहना है कि निर्माण शुरू होने के बाद कई बार काम रोकने के निर्देश दिए गए, लेकिन निर्माण जारी रहा.
विवाद तब और बढ़ गया जब अप्रैल 2026 में मस्जिद के उद्घाटन समारोह में जापान में पाकिस्तान के राजदूत की मौजूदगी सामने आई. बाद में जापानी प्रशासन ने स्पष्ट किया कि निर्माण के लिए कोई वैध अनुमति नहीं ली गई थी, इसके बाद पाकिस्तान दूतावास ने भी मामले से दूरी बनाते हुए कहा कि सभी नागरिकों को जापानी कानूनों का पालन करना चाहिए.
अब कावागोए प्रशासन ने मस्जिद को हटाने की प्रक्रिया तेज कर दी है. जापान में इस कार्रवाई को कानून के सख्त पालन के उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है और सोशल मीडिया पर कई लोग इसे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी मॉडल के बुलडोजर मॉडल से जोड़कर चर्चा कर रहे हैं. हालांकि, जापानी प्रशासन का कहना है कि कार्रवाई केवल निर्माण नियमों के उल्लंघन के आधार पर की जा रही है.