West Bengal News: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री रह चुकीं ममता बनर्जी के खिलाफ सिलीगुड़ी साइबर क्राइम थाने में देशद्रोह से संबंधित शिकायत दर्ज कराई गई है. यह शिकायत अधिवक्ता रिंकी सिंह चटर्जी की ओर से दर्ज कराई गई है. शिकायतकर्ता का आरोप है कि ममता बनर्जी ने हाल ही में दिए गए एक बयान के जरिए केंद्र सरकार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर गंभीर आरोप लगाए, जिससे देश की छवि और अंतरराष्ट्रीय संबंधों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है.
रिंकी सिंह चटर्जी का कहना है कि 2 जून को कोलकाता में आयोजित एक विरोध प्रदर्शन के दौरान ममता बनर्जी ने बांग्लादेशी नागरिक उस्मान हादी की हत्या को लेकर केंद्र सरकार पर सवाल उठाए थे. उनके अनुसार, इस तरह के आरोप बिना किसी प्रमाण के सार्वजनिक मंच से लगाए गए, जिससे भारत और बांग्लादेश के बीच कूटनीतिक संबंध प्रभावित हो सकते हैं. शिकायत में यह भी कहा गया है कि ऐसे बयानों से पड़ोसी देश में रहने वाले हिंदू समुदाय की सुरक्षा को लेकर भी चिंता पैदा हो सकती है.
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि संवैधानिक पद पर रहते हुए ममता बनर्जी ने गोपनीयता और जिम्मेदार आचरण की शपथ ली थी, इसलिए सार्वजनिक जीवन में उनके बयानों का व्यापक प्रभाव पड़ता है. उनका दावा है कि इस तरह के वक्तव्य समाज में भ्रम और तनाव पैदा कर सकते हैं.
रिंकी सिंह चटर्जी ने यह भी घोषणा की है कि वह 8 जून को कोलकाता हाई कोर्ट में याचिका दायर कर ममता बनर्जी की गिरफ्तारी की मांग करेंगी , इससे पहले भी उन्होंने चुनाव प्रचार के दौरान कथित भड़काऊ भाषणों को लेकर ममता बनर्जी के खिलाफ साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराई थी. हालांकि, शिकायत दर्ज होने के बावजूद इस मामले में अब तक किसी जांच एजेंसी या अदालत की ओर से कोई अंतिम निर्णय सामने नहीं आया है. मामले की कानूनी प्रक्रिया आगे बढ़ने के बाद ही आरोपों की सत्यता और वैधता स्पष्ट हो सकेगी.