पटना: बांकीपुर उपचुनाव के मतदान से ठीक पहले पटना के जक्कनपुर थाने में ड्रामेटिक माहौल बन गया. जनसुराज पार्टी के संस्थापक और प्रत्याशी प्रशांत किशोर अपने कार्यकर्ताओं की हिरासत को लेकर आधी रात थाने पहुंचे, जहां थानेदार (SHO) से उनकी तीखी बहस हो गई. पूरा वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
जनसुराज पार्टी का आरोप है कि पुलिस ने बांकीपुर उपचुनाव से पहले उसके करीब 20 कार्यकर्ताओं को उठा लिया. देर रात प्रशांत किशोर अपने समर्थकों के साथ जक्कनपुर थाने पहुंचे और आक्रामक तेवर में पूछा कि उनके दो कार्यकर्ता कहां हैं.
आधी रात को प्रशांत किशोर पहुंच गए जक्कनपुर थाना।
— Harsh Vardhan (@imharshvdhan) July 30, 2026
SHO और PK के बीच हो गई जबरदस्त भिड़ंत, खूब हुआ बवाल।
बर्दी खोलने तक पहुंच गई बात। धमकी से माहौल गरमाया। pic.twitter.com/VzJB43RIO4
एसएचओ ने कहा, “मेरे थाने में बैठकर हमको ही धमकी देंगे? वर्दी में हैं इसलिए दबाव है, वर्दी उतार देंगे तो आम आदमी बन जाएंगे. भूख नहीं लगेगी? कमाकर खा सकते हैं. धमकी मत दीजिए.” वीडियो में प्रशांत किशोर कहते नजर आ रहे हैं कि थाने से दो आदमी गायब हैं तो उनसे ही पूछेंगे. एसएचओ ने सीनियर अधिकारियों से बात करने की सलाह दी और राजनीति न दिखाने की बात कही.
प्रशांत किशोर ने पुलिस पर BJP सरकार के इशारे पर कार्यकर्ताओं को परेशान करने का आरोप लगाया. उन्होंने चेतावनी दी कि अगर कार्यकर्ताओं को कोई नुकसान हुआ तो जक्कनपुर थाने के SHO ऋतुराज कुमार सिंह की नौकरी जाएगी.
यह घटना बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के दौरान हुई, जहां मुख्य मुकाबला BJP के नीरज सिन्हा, RJD की रेखा गुप्ता और जनसुराज के प्रशांत किशोर के बीच है. मतदान के दौरान भी पुलिस पर पक्षपात का आरोप लगा है. सुबह 11 बजे तक मतदान प्रतिशत कम रहा. जनसुराज ने कार्यकर्ताओं की रिहाई और कानूनी कार्रवाई की मांग की है, जबकि पुलिस का कहना है कि जरूरी कार्रवाई की जा रही है.