जमुई कांड में ताबड़तोड़ एक्शन, 48 घंटे में 3 आरोपी गिरफ्तार, मां बोलीं- कार्रवाई से संतुष्ट

Global Bharat 25 Sep 2026 02:01 PM 1 Mins
जमुई कांड में ताबड़तोड़ एक्शन, 48 घंटे में 3 आरोपी गिरफ्तार, मां बोलीं- कार्रवाई से संतुष्ट

पटना : बिहार के जमुई की नाबालिग छात्रा से जुड़ी घटना के बाद बिहार पुलिस की कार्रवाई और मुख्यमंत्री से मुलाकात को लेकर पीड़िता की मां ने संतोष जताया है. गुरुवार को पीड़िता अपने माता-पिता के साथ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मिली. इस दौरान मुख्यमंत्री ने परिवार से घटना की जानकारी ली और पीड़िता की सुरक्षा व पढ़ाई को लेकर भरोसा दिलाया.

पीड़िता की मां ने कहा कि घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की. उनके मुताबिक, 24 से 48 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि मुख्य आरोपी नंदन यादव को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया. जानकारी के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी के पैर में गोली लगी थी.

मां ने कहा कि सरकार और पुलिस की कार्रवाई से परिवार संतुष्ट है. उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात को लेकर कहा कि उन्हें अच्छा लगा कि मुख्यमंत्री ने परिवार को बुलाकर उनकी बात सुनी. मुख्यमंत्री ने पीड़िता की पढ़ाई जारी रखने और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया.

परिजनों के मुताबिक, मुख्यमंत्री ने पीड़िता को अपनी बेटी की तरह बताया और परिवार को भरोसा दिलाया कि किसी भी परेशानी की स्थिति में सरकार उनके साथ खड़ी रहेगी. पिता ने भी गिरफ्तार आरोपियों को अदालत के जरिए कड़ी सजा दिलाने की मांग की.

मां ने कहा कि उनकी बेटी के साथ जो हुआ, वह किसी और बेटी के साथ नहीं होना चाहिए. उन्होंने कार्रवाई को लेकर संतोष जताते हुए कहा कि ऐसी घटनाओं में कानून का डर जरूरी है. सरकार की ओर से मामले में स्पीडी ट्रायल के जरिए जल्द सुनवाई कराने और दोषियों को कानून के तहत सजा दिलाने की बात भी कही गई है.

Description of the author

Recent News