कासगंज : फर्रुखाबाद से बीजेपी सांसद मुकेश राजपूत की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं. कासगंज के सहावर कोतवाली क्षेत्र के लछिमपुर गांव में 7 सितंबर 2025 को हुई कथित घटना के मामले में सांसद समेत उनके परिवार और रिश्तेदारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है. मामला एमपी-एमएलए कोर्ट के आदेश के बाद सहावर कोतवाली में दर्ज हुआ है.
FIR में सांसद मुकेश राजपूत के अलावा उनकी पत्नी सौभाग्यवती राजपूत, दोनों बेटों अर्पित और अंकित, चार भाइयों राकेश, दिनेश, संजीव और सुधाकर समेत कुल 38 लोगों को नामजद किया गया है, इसके अलावा 50 अज्ञात पुरुष और 5 अज्ञात महिलाओं को भी आरोपी बनाया गया है. आरोपियों में चार भतीजे, दो सुरक्षा गार्ड और परिवार के अन्य सदस्य व रिश्तेदार शामिल बताए गए हैं.
शिकायत सांसद की बहन के ससुर और रिटायर्ड प्रधानाचार्य की ओर से की गई है. शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने मकान पर जबरन कब्जे का प्रयास किया और उनके साथ मारपीट व जानलेवा हमला किया. शिकायत में करीब 50 लाख रुपये नकद, लगभग 2 किलो 389 ग्राम सोना और करीब 4 किलो 640 ग्राम चांदी के जेवर लूटे जाने का भी आरोप लगाया गया है. पुलिस ने कोर्ट के आदेश के बाद भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 191(3), 115(2), 333, 351(3) और 309(6) के तहत केस दर्ज किया है.
मामले में अब पुलिस की विवेचना के दौरान आरोपों की पुष्टि के लिए घटनास्थल, गवाहों, दस्तावेजों और कथित लूटे गए सामान से जुड़े साक्ष्यों की जांच महत्वपूर्ण होगी. एफआईआर दर्ज होना आरोपों का न्यायिक रूप से साबित होना नहीं है.