नई दिल्ली: कड़कड़डूमा कोर्ट परिसर में मंगलवार को एक चौंकाने वाली घटना घटी, जहां पूर्व चीफ जस्टिस बी.आर. गवई पर जूता फेंकने के आरोपी वकील राकेश किशोर पर किसी व्यक्ति ने चप्पल से हमला बोल दिया. यह झड़प कोर्ट के अंदर ही हुई, और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है. हमलावर ने राकेश को कई बार चप्पल मारने की कोशिश की, जबकि राकेश ने भी जवाबी कार्रवाई में हाथापाई की और गालियां बकीं. इस दौरान कुछ लोग उन्हें अलग करने की कोशिश करते नजर आए.
वीडियो में साफ दिख रहा है कि राकेश किशोर लगातार 'सनातन धर्म की जय' का नारा लगाते रहे. घटनास्थल पर सुरक्षाकर्मी पहुंचे और हंगामे को काबू में किया. अभी तक इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं हुई है, और हमलावर की पहचान भी स्पष्ट नहीं हो पाई है.
याद रहे, राकेश किशोर अक्टूबर 2023 में सुप्रीम कोर्ट में CJI गवई पर जूता फेंकने की कोशिश के लिए चर्चा में आए थे. उस समय कोर्ट में विष्णु मूर्ति की पुनर्स्थापना से जुड़ी याचिका पर सुनवाई हो रही थी, जिसे कोर्ट ने 'प्रचार हित' बताकर खारिज कर दिया था. CJI गवई की टिप्पणी - "भगवान से खुद प्रार्थना करो, ध्यान लगाओ" - से नाराज राकेश ने यह कदम उठाया था. सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें तुरंत पकड़ लिया, लेकिन बाद में CJI ने चेतावनी देकर छोड़ दिया. राकेश ने अपनी हरकत पर कोई पछतावा जताने से इनकार कर दिया था.
राकेश दिल्ली बार काउंसिल में 2009 से रजिस्टर्ड हैं और सुप्रीम कोर्ट बार एसोसिएशन के सदस्य हैं. वे मयूर विहार के निवासी हैं. इस नई घटना ने एक बार फिर कोर्ट परिसरों में सुरक्षा और वकीलों के आचरण पर सवाल खड़े कर दिए हैं. सोशल मीडिया यूजर्स वीडियो शेयर कर अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं, लेकिन पुलिस ने अभी कोई बयान जारी नहीं किया.