कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजनीति में बड़ा उलटफेर देखने को मिला है. राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भवानीपुर विधानसभा सीट से 15,114 वोटों से चुनाव हार गई हैं. भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवेंदु अधिकारी ने उन्हें शिकस्त देकर एक नया राजनीतिक रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. यह पहली बार नहीं है जब सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को हराया हो, इससे पहले 2021 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने नंदीग्राम सीट पर ममता को हराया था. उस चुनाव में नंदीग्राम की लड़ाई राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का केंद्र बनी थी.
इस बार भी सुवेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम से चुनाव लड़ा और वहां से जीत दर्ज की. भवानीपुर में ममता को हराकर उन्होंने इतिहास रच दिया. सुवेंदु पहले ऐसे नेता बन गए हैं जिन्होंने किसी सिटिंग मुख्यमंत्री को लगातार दो बार चुनाव में हराया है. भवानीपुर को लंबे समय से ममता बनर्जी का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है. ऐसे में यहां हार केवल एक सीट की हार नहीं, बल्कि बंगाल की बदलती राजनीति का संकेत मानी जा रही है. बीजेपी इस जीत को बंगाल में अपने बढ़ते जनाधार और संगठनात्मक मजबूती के तौर पर पेश कर रही है.
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस हार का असर पश्चिम बंगाल की आगे की राजनीति और सत्ता संतुलन पर भी दिखाई दे सकता है. ममता बनर्जी के लिए यह परिणाम बड़ा झटका है, जबकि बीजेपी के लिए मनोवैज्ञानिक बढ़त साबित हो सकता है.