कोलकाता: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरजी कार बलात्कार और हत्या मामले में दोषी संजय रॉय को कोलकाता की कोर्ट द्वारा मृत्यु तक आजीवन कारावास की सजा सुनाए जाने पर निराशा व्यक्त की. कोर्ट के फैसले पर अपनी पहली प्रतिक्रिया में ममता बनर्जी ने कहा कि मैं संतुष्ट नहीं हूं... हम सभी ने मृत्युदंड की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई.
सीएम ममता बनर्जी ने दावा किया कि जांच कोलकाता पुलिस से "जबरन" छीन ली गई और कहा कि अगर यह उनके पास होती, तो वे मृत्युदंड सुनिश्चित करते. मुर्शिदाबाद जिले में पत्रकारों से बात करते हुए बनर्जी ने मामले में सीबीआई जांच पर सवाल उठाया. उन्होंने दावा किया कि हम सभी ने मृत्युदंड की मांग की थी, लेकिन कोर्ट ने मृत्यु तक आजीवन कारावास की सजा सुनाई है. मामला हमसे जबरन छीन लिया गया.
ममता बनर्जी ने आगे कहा कि अगर यह मामला कोलकाता पुलिस के पास होता, तो हम सुनिश्चित करते कि उसे मृत्युदंड मिले. उन्होंने कहा कि हमें नहीं पता कि जांच कैसे की गई. राज्य पुलिस द्वारा जांचे गए ऐसे ही कई मामलों में मौत की सजा सुनिश्चित की गई. मैं संतुष्ट नहीं हूं.
बता दें कि सियालदह में अतिरिक्त जिला और सत्र न्यायाधीश अनिरबन दास की कोर्ट ने शनिवार को संजय रॉय को पिछले साल 9 अगस्त को अस्पताल में पोस्टग्रेजुएट ट्रेनी डॉक्टर के खिलाफ किए गए अपराध का दोषी ठहराया था. घटना को लेकर देश भर में अभूतपूर्व और लंबे समय तक विरोध प्रदर्शन हुए थे. न्यायाधीश दास ने कहा कि यह अपराध "दुर्लभतम" श्रेणी में नहीं आता है, इसलिए दोषी को मृत्युदंड न दिए जाने का औचित्य है.
फैसले के समय संजय रॉय ने कोर्ट में दावा किया था कि उसे फंसाया गया है. हालांकि, न्यायाधीश अनिर्बन दास ने कहा कि उसे सजा सुनाए जाने से पहले सोमवार को बोलने का मौका दिया जाएगा. मृतक छात्रा के माता-पिता ने दोषी करार दिए जाने के लिए न्यायाधीश का शुक्रिया अदा किया था. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट में अफरा-तफरी की स्थिति भी बन गई थी, जिसके बाद कोर्ट ने सख्त लहजे में सभी लोगों को चेतावनी दी थी और आरोपी की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया था.