रायपुर: देशभर के पांच सितारा होटलों के लिए लंबे समय से मुसीबत बने 69 वर्षीय बिंगसन जॉन को आखिरकार पुलिस ने धर दबोचा है. तमिलनाडु का यह शख्स पिछले 36 साल से लग्जरी होटलों में ठगी का खेल खेलता रहा. जॉन खुद को विदेशी टूर गाइड, योग इंस्ट्रक्टर या अंग्रेजी टीचर बताकर होटलों का भरोसा जीतता था.
महंगे कमरे, खाने-पीने और सुविधाओं का लुत्फ उठाने के बाद बिना बिल चुकाए गायब हो जाता था. कई बार होटल का सामान भी चुरा लेता था. 23 जून को रायपुर के हयात होटल में ठहरा जॉन 27 जून को बिना चेकआउट किए फरार हो गया. उसने 63,755 रुपये का बिल और होटल का 1.48 लाख का लैपटॉप लेकर भागने की कोशिश की. पुलिस की तकनीकी टीम ने उसे भुवनेश्वर से गिरफ्तार कर लिया.
चौंकाने वाला खुलासा
पूछताछ में जॉन ने पुलिस को बताया कि वह सीरियल किलर चार्ल्स सोभराज से प्रेरित था और उसी की तरह धोखे के तरीके अपनाता था. उसने 1990 से अब तक 300 से ज्यादा होटलों को ठगा है. उसके खिलाफ 10 से ज्यादा राज्यों में मामले दर्ज हैं और वह 15 साल से ज्यादा जेल भी काट चुका है. पुलिस ने उसके कब्जे से लैपटॉप बरामद कर लिया है. आगे की जांच जारी है.