Milkipur By-election Result Live: मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर आ रहे रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) अखिलेश यादव की पार्टी सपा से काफी आगे है. 9वें राउंड की काउंटिंग में सपा को 21798 और बीजेपी 47176 वोट मिले. इस तरह से बीजेपी 25378 मतों से आगे है. वहीं 12वें राउंड की काउंटिंग में भी सपा दूसरे राउंड पर है. बीस राउंड की गिनती के बाद भाजपा के चंद्रभानु पासवान 48069 वोटों से आगे हैं और सपा उम्मीदवार अजीत प्रसाद काफी पीछे है. वहीं अखिलेश यादव ने कहा कि पीडीए की बढ़ती शक्ति का सामना भाजपा वोट के बल पर नहीं कर सकती है, इसीलिए वो चुनावी तंत्र का दुरुपयोग करके जीतने की कोशिश करती है.
ऐसी चुनावी धांधली करने के लिए जिस स्तर पर अधिकारियों की हेराफेरी करनी होती है, वो 1 विधानसभा में तो भले किसी तरह संभव है, लेकिन 403 विधानसभाओं में ये ‘चार सौ बीसी’ नहीं चलेगी. इस बात को भाजपावाले भी जानते हैं, इसीलिए भाजपाइयों ने मिल्कीपुर का उपचुनाव टाला था. पीडीए मतलब 90% जनता ने ख़ुद अपनी आँखों से ये धांधली देखी है. ये झूठी जीत है, जिसका जश्न भाजपाई कभी भी आईने में अपनी आँखों-में-आँखें डालकर नहीं मना पाएंगे. उनका अपराधबोध और भविष्य में हार का डर उनकी नींद उड़ा देगा.
जिन अधिकारियों ने चुनावी घपलेबाजी का अपराध किया है वो आज नहीं तो कल अपने लोकतांत्रिक-अपराध की सज़ा पाएंगे. एक-एक करके सबका सच सामने आएगा. न क़ुदरत उन्हें बख़्शेगी, न क़ानून. भाजपाई उनका इस्तेमाल करके छोड़ देंगे, उनकी ढाल नहीं बनेंगे. जब उनकी नौकरी और पेंशन जाएगी तो वो अपने बच्चों, परिवार और समाज के बीच अपमान की ज़िंदगी की सज़ा अकेले भुगतेंगे. लोकसभा चुनावों में अयोध्या में हुई पीडीए की सच्ची जीत, उनके मिल्कीपुर के विधानसभा की झूठी जीत पर कई गुना भारी है और हमेशा रहेगी.