नीले ड्रम वाली मुस्कान को जेल से निकालकर सीधे अस्पताल भर्ती करना पड़ा, वजह सामने आई

Amanat Ansari 24 Nov 2025 11:17: PM 1 Mins
नीले ड्रम वाली मुस्कान को जेल से निकालकर सीधे अस्पताल भर्ती करना पड़ा, वजह सामने आई

नई दिल्ली: पति सौरभ राजपूत की हत्या के सनसनीखेज मामले में मेरठ जेल में बंद “नीले ड्रम वाली मुस्कान” रस्तोगी को रविवार देर रात अचानक तेज पेट दर्द हुआ. नौ महीने की गर्भवती मुस्कान को तुरंत जेल से बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज के प्रसूति वार्ड में भर्ती कराया गया. डॉक्टरों के अनुसार, उनकी डिलीवरी कभी भी हो सकती है और आज ही बच्चे के जन्म की सबसे ज्यादा संभावना है.

हैरानी की बात यह है कि आज मृतक पति सौरभ राजपूत का जन्मदिन भी है. मुस्कान रस्तोगी और उसके कथित प्रेमी साहिल पर आरोप है कि दोनों ने मिलकर सौरभ की हत्या की और शव को नीले प्लास्टिक के ड्रम में बंद करके फेंक दिया था. इसी वजह से पूरे देश में वह “नीले ड्रम वाली मुस्कान” के नाम से मशहूर हो गई. गिरफ्तारी के समय वह डेढ़ महीने की गर्भवती थी. यह उसका दूसरा बच्चा है; पहला बच्चा नॉर्मल डिलीवरी से हुआ था.

प्रसूति विभाग की प्रमुख डॉ. शगुन ने बताया कि पाँच डॉक्टरों की टीम मुस्कान पर लगातार नजर रखे हुए है. बच्चे का वजन लगभग ढाई किलो है, लेकिन माँ में फिलहाल पानी (फ्लूइड) की कमी है, जिससे थोड़ी जटिलता हो सकती है. कोशिश यही है कि डिलीवरी सामान्य तरीके से हो जाए. जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने कहा, “प्रेग्नेंसी का पूरा समय हो चुका था. जैसे ही जेल में दर्द बढ़ा, तुरंत मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया.”

अस्पताल में मुस्कान को देखने और वीडियो बनाने वालों की भारी भीड़ जुट रही है. वार्ड के बाहर महिला-पुरुष पुलिसकर्मियों की अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई है और गैलरी को बार-बार खाली कराया जा रहा है. इससे दूसरे मरीज और उनके परिजन परेशान हैं. एक तीमारदार लोकेश कुमार सैनी ने शिकायत की कि “मुस्कान के आने के बाद पूरा वार्ड लॉकडाउन जैसा हो जाता है, हमें आना-जाना भी मुश्किल हो रहा है.”

Blue drum Jail pregnant Muskan delivery Meerut jail

Recent News