पटना: बिहार के सिवान जिले में हालिया पुलिस एनकाउंटर के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर राजनीतिक बयानबाजी बढ़ गई है. NDA के नेता मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अपराधियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई का खुलकर समर्थन कर रहे हैं. केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अपराधियों पर सम्राट चौधरी की मजबूत टीम का सख्त रुख जारी है.
अपराधी चुन-चुनकर निशाना बनाए जा रहे हैं. पहले ही कहा गया था कि हर हिसाब होगा. अब या तो सुधर जाओ, वरना बिहार छोड़ दो. हर अपराध का जवाब दिया जाएगा. भाजपा नेता दिलीप जायसवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संकेत दिया है कि अपराधियों को अब कोई छूट नहीं मिलेगी. अगर कोई प्रशासन को चुनौती देता है तो उसे परिणाम भुगतना पड़ेगा.
जेडीयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने बताया कि यदि कोई व्यक्ति व्यक्तिगत रिश्तों या दबाव के कारण पुलिस पर हमला करता है तो पुलिस को आत्मरक्षा का पूरा अधिकार है. हत्या, लूट, डकैती जैसे गंभीर मामलों में आरोपी को कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ता है. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पहले ही साफ कर चुके हैं कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा और जल्दी-जल्दी उनके खिलाफ एक्शन लिया जाएगा. राज्य में अपराध की घटनाएं घट रही हैं.
जेडीयू विधानमंडल दल के नेता और पूर्व मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार में पहले भी ऐसी घटनाएं होती रही हैं. कानून का राज पहले था और अब भी है. अगर कोई अपराध करता है, लोगों को नुकसान पहुंचाता है या कानून को अपने हाथ में लेने की कोशिश करता है तो उसे किसी भी हालत में छूट नहीं मिलेगी.
सिवान एनकाउंटर का मामला
बता दें कि सिवान के हुसैनगंज थाना क्षेत्र के सरेया गांव निवासी सोनू यादव को हाल ही में पुलिस एनकाउंटर में मार गिराया गया. वह हर्ष सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी था. कुछ दिनों पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने डीएम-एसपी बैठक में सख्ती का संदेश देते हुए कहा था कि महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ अपराध करने वालों पर जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी.
उन्होंने निर्देश दिया था कि पीड़ित की तेरहवीं से पहले ही ऐसे अपराधियों के फोटो पर माला चढ़ाइए. समग्र रूप से NDA नेता इस एनकाउंटर को अपराध पर सख्ती का उदाहरण बता रहे हैं और बिहार पुलिस लगातार अपराधियों पर कार्रवाई कर रही है.