नई दिल्ली: बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा (Vijay Kumar Sinha) के चुनावी विजय जुलूस के दौरान शुक्रवार को उनके समर्थकों ने खुलेआम हवा में गोलियां चलाईं. बड़हिया क्षेत्र में आयोजित जन-आभार सभा के दौरान दर्जनों कार्यकर्ताओं ने पिस्टल और रिवाल्वर से लगातार फायरिंग की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया.
वीडियो में विजय सिन्हा ओपन जीप पर खड़े होकर जनता को संबोधित कर रहे हैं, जबकि उनके ठीक बगल में कार्यकर्ता हथियार लहराते और हर्ष फायरिंग करते नजर आ रहे हैं. कुछ समर्थक बुलडोजर पर चढ़कर फूल बरसा रहे थे तो कुछ हवा में बंदूक तानकर वीडियो बना रहे थे.
मामले ने उस वक्त तूल पकड़ा जब विपक्षी दल राजद ने वीडियो को अपने आधिकारिक X हैंडल पर शेयर करते हुए तीखा हमला बोला. राजद ने लिखा, ''चलाओ गोली! दिखाओ दोनाली! हड़काओ पब्लिक को खाली! सुभाषण की सरकार आई है! बड़बोले दुःशासन की सरकार आई है!'' राजद प्रवक्ता एजाज अहमद ने कहा, ''जो लोग नीतीश-लालू के समय को जंगलराज कहते थे, आज उनके डिप्टी सीएम के सामने खुलेआम गोली चल रही है और पुलिस खड़ी तमाशा देख रही है. यही है नई सरकार का कानून-राज?''
विजय सिन्हा ने घटना पर कोई टिप्पणी नहीं की. शाम को उन्होंने सोशल मीडिया पर सिर्फ स्वागत की तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, ''लखीसराय की जनता के अपार स्नेह से अभिभूत हूं. यह प्रेम ही मेरी सबसे बड़ी पूंजी है.''
गौरतलब है कि भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1) के तहत सार्वजनिक स्थान पर हवा में गोली चलाना दंडनीय अपराध है. इसके लिए दो वर्ष तक की कैद और जुर्माने का प्रावधान है. फिर भी लखीसराय पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है. राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि नई सरकार बनने के महज कुछ दिनों में ही इस तरह की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही हैं.