नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के जौनपुर में पैसे, जमीन और अंतरधार्मिक विवाह को लेकर लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद ने एक भयानक दोहरे हत्याकांड का रूप ले लिया. पांच दिनों की खोजबीन के बाद गुरुवार को पुलिस को पता चला कि लापता बुजुर्ग दंपति की हत्या उनके अपने बेटे ने ही बेरहमी से कर दी थी. उसने शवों को आरी से काटकर टुकड़े किए, उन्हें सीमेंट की बोरियों में भरकर नदियों में फेंक दिया.
आरोपी की पहचान अम्बेश कुमार के रूप में हुई है, जो गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस के अनुसार, अम्बेश ने कोविड महामारी के दौरान कोलकाता में एक मुस्लिम महिला से शादी की थी. दंपति के दो बच्चे भी हैं. हालांकि, जौनपुर के अहमदपुर गांव में रहने वाला उसका परिवार इस अंतरधार्मिक विवाह से नाखुश था और उसे अलग होने का दबाव बना रहा था. इस बीच, अम्बेश की पत्नी ने गुजारा-भत्ता मांगना शुरू कर दिया, जिसके लिए उसे माता-पिता से आर्थिक मदद मांगनी पड़ी. इससे परिवार में लगातार झगड़े होने लगे.
लगभग तीन महीने पहले अम्बेश कोलकाता से लौटकर अकेले माता-पिता के साथ रहने लगा. फिर भी झगड़े बंद नहीं हुए और उसके अंदर गुस्सा बढ़ता गया. 8 दिसंबर को झगड़े के दौरान अम्बेश ने अपनी मां बबिता (63) के सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया. जब पिता श्याम बहादुर (65) ने शोर मचाने की कोशिश की, तो अम्बेश ने उन्हें भी कई बार पीटा और रस्सी से गला घोंट दिया.
माता-पिता की हत्या के बाद आरोपी ने घर के बेसमेंट में रखी आरी से दोनों शवों को तीन-तीन टुकड़ों में काट दिया. फिर अवशेषों को छह सीमेंट की बोरियों में भरकर माता-पिता के कपड़ों से खून के निशान साफ किए. अम्बेश ने बोरियां अपनी कार में लादकर ज्यादातर गोमती नदी में फेंक दीं. मां का एक टुकड़ा जो बोरी में नहीं समा रहा था, उसे वाराणसी की ओर जाते समय सई नदी में फेंक दिया.
बुजुर्ग दंपति की एक बेटी वंदना भी है. जब वंदना ने माता-पिता और भाई से संपर्क नहीं हो पाया, तो 13 दिसंबर को लापता होने की शिकायत दर्ज कराई. पुलिस जांच में तब बड़ा मोड़ आया जब 15 दिसंबर को अम्बेश का पता चला. पूछताछ में अम्बेश ने बार-बार बयान बदले, लेकिन लगातार पूछताछ के बाद उसने अपराध कबूल कर लिया.
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी आयुष श्रीवास्तव ने आरोपी को माता-पिता के घर ले जाकर क्राइम सीन रीक्रिएट कराया. अब तक गोताखोरों ने एक शव का टुकड़ा बरामद कर लिया है. बाकी अवशेषों की तलाश जारी है. पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज किया है.