पश्चाताप के लिए 11 दिनों तक अन्न-जल त्याग देंगे पवन कल्याण, जानें किस बात का है अफसोस?

Global Bharat 22 Sep 2024 07:00: PM 2 Mins
पश्चाताप के लिए 11 दिनों तक अन्न-जल त्याग देंगे पवन कल्याण, जानें किस बात का है अफसोस?

Tirupati Laddu controversy: आंध्र प्रदेश के डिप्टी मुख्यमंत्री पवन कल्याण (Deputy CM Pawan Kalyan) ने तिरुपति मंदिर (Tirupati Temple) के प्रसिद्ध लड्डू प्रसाद में पशु चर्बी मिलने की खबर के बाद बहुत बड़ी घोषणा की है. साउथ के सुपरस्टार और आंध्र प्रदेश के डिप्टी मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए वह 11 दिनों का उपवास करेंगे. पवन कल्याण (Pawan Kalyan) ने इस प्रसाद में मिलावट की बात को लेकर खुद पर भी जिम्मेदारी ली है और कहा है कि उन्हें इस बात का पहले पता क्यों नहीं चला, इसका उन्हें गहरा अफसोस है.

आपको बता दें, पवन कल्याण ने कहा कि तिरुमला तिरुपति मंदिर में दी जाने वाली प्रसाद सामग्री में इस तरह की मिलावट न केवल आस्था का अपमान है, बल्कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचने वाली घटना है. उन्होंने कहा कि यह बात सामने आने के बाद उन्होंने सोचा कि वह किस तरह से इस गलती का प्रायश्चित कर सकते हैं. इसीलिए उन्होंने 11 दिनों के उपवास का फैसला लिया है.

इससे पहले भी पवन कल्याण ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी थी. उन्होंने कहा था कि इस तरह की मिलावट किसी भी तरह से बर्दाश्त नहीं की जाएगी. वह इस मामले की पूरी जांच कराएंगे और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. पवन कल्याण ने यह भी कहा कि वह खुद को इस मामले के लिए दोषी मानते हैं, क्योंकि वह पहले इस मुद्दे पर ध्यान नहीं दे पाए. उन्होंने इस गलती के लिए माफी भी मांगी थी.

इस बारे में पवन कल्याण ने अपने X हैंडल पर लिखा, "हमारी संस्कृति, आस्था, विश्वास और श्रद्धा की धर्मधुरी, श्री तिरुपति बालाजी धाम के प्रसाद में, कुत्सित प्रयासों के तहत, जो अपवित्रता का, संचार करने की कोशिश की गई, उससे मैं व्यक्तिगत स्तर पर, अत्यंत मर्माहत हूँ, और सच कहूं तो, अंदर से अत्यंत छला गया, महसूस कर रहा हूँ. प्रभु वेंकटेश्वर से, मेरी प्रार्थना है कि, इस दुःख के क्षण में हमें, और समस्त सनातनियों को, अपनी अहैतुकी कृपा से, सबलता प्रदान करें. मैं अभी इसी क्षण, भगवन से क्षमा प्रार्थी हो, प्रायश्चित दीक्षा हेतु, प्रण सिद्ध कर रहा हूँ, और ग्यारह दिवसीय उपवास हेतु, धर्म संकल्पित हो रहा हूँ. ग्यारह दिवसीय, प्रायश्चित दीक्षा, के उत्तरार्ध में, एक और दो अक्टूबर को, मैं तिरुपति जाकर, प्रभु के साक्षात दर्शन कर, क्षमा प्रार्थी हो, विनती करूंगा और तब, भगवन के समक्ष, मेरे प्रायश्चित दीक्षा की, पूर्णाहूति होगी."

गौरतलब है कि, तिरुपति लड्डू प्रसादम दुनियाभर में प्रसिद्ध है और भक्तों के लिए यह बेहद पवित्र माना जाता है. ऐसे में इस तरह की मिलावट का मामला सामने आना बड़ी चिंता का विषय बन गया है. पवन कल्याण ने यह भी कहा कि उनकी सरकार इस मामले को लेकर पूरी तरह सतर्क है और दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा. इस प्रकरण के बाद से मंदिर प्रशासन और सरकार ने मिलावट की जांच के लिए कड़े कदम उठाने शुरू कर दिए हैं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो.

Recent News