पीसी जॉर्ज कौन हैं? विधानसभा चुनाव में खुद की जीत पर रखी 1 करोड़ की शर्त

Amanat Ansari 03 May 2026 07:40: PM 1 Mins
पीसी जॉर्ज कौन हैं? विधानसभा चुनाव में खुद की जीत पर रखी 1 करोड़ की शर्त

Who is PC George: केरल विधानसभा चुनाव 2026 में भाजपा के वरिष्ठ नेता पीसी जॉर्ज पूंजार सीट से चुनाव लड़ रहे हैं. उन्होंने रविवार को दावा किया कि वह इस सीट पर बहुत बड़े अंतर से जीतने वाले हैं. इतना भरोसा है कि उन्होंने किसी को भी एक करोड़ रुपए की शर्त लगाने की चुनौती दे दी.

जॉर्ज ने कहा कि उनका बेटा शोन जॉर्ज पड़ोसी पाला सीट से जीतेगा और दोनों पिता-पुत्र अगली विधानसभा में साथ-साथ पहुंचेंगे. उन्होंने यह भी अनुमान लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन केरल में करीब 11 सीटें जीत सकता है. उनके अनुसार किसी भी दल को बहुमत नहीं मिलेगा, जबकि कांग्रेस की अगुवाई वाला यूडीएफ सबसे ज्यादा सीटें हासिल करेगा.

पीसी जॉर्ज कौन हैं?

पीसी जॉर्ज केरल की राजनीति के अनुभवी चेहरे हैं. वे सात बार विधायक रह चुके हैं. पूंजार सीट पर उनका लंबा वर्चस्व रहा है. उन्होंने 1980 के दशक से लेकर 2016 तक यहां से कई बार चुनाव जीता है. 2011-2015 के दौरान वे विधानसभा में मुख्य सचेतक भी रहे. 2016 में निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत दर्ज की. बाद में अपनी पार्टी 'केरल जनपक्षम् (सेक्युलर)' बनाई, जिसे 2024 से पहले भाजपा-एनडीए में विलय कर दिया.

विवादों से भरा सफर

जॉर्ज अपने तीखे और विवादास्पद बयानों के लिए चर्चा में रहते हैं. उन्होंने महात्मा गांधी की आजादी में भूमिका पर सवाल उठाए हैं. मुस्लिम समुदाय और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी कई टिप्पणियां आलोचना का विषय बनी हैं. पिछले साल उन्होंने 'लव जिहाद' को लेकर दावे किए थे और ईसाई लड़कियों को जल्दी शादी करने की सलाह दी थी.

इस बार पूंजार में उनका मुकाबला यूडीएफ उम्मीदवार साजी जोसेफ और अन्य प्रत्याशियों से है. 9 अप्रैल को मतदान हो चुका है और कल 4 मई को नतीजे घोषित होंगे. सभी की नजरें पूंजार और पूरे केरल के परिणामों पर टिकी हैं.

Kerala Assembly Elections 2026 P.C. George Poonjar Assembly Constituency BJP Leader Condition

Recent News