अयोध्या हनुमानगढ़ी मंदिर में चढ़ने वाला प्रसाद जांच में फेल, लड्डू, घी और पनीर में मिलावट! 

Amanat Ansari 30 Sep 2025 03:54: PM 1 Mins
अयोध्या हनुमानगढ़ी मंदिर में चढ़ने वाला प्रसाद जांच में फेल, लड्डू, घी और पनीर में मिलावट! 

नई दिल्ली: अयोध्या के हनुमानगढ़ी मंदिर से प्रसाद में मिलावट की एक खबर सामने आई है. यहां फूड सेफ्टी विभाग ने जांच की, जिसमें प्रसाद में खामी पाई गई. जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि मंदिर में बजरंगबली को चढ़ाए जाने वाले लड्डू और देसी घी शुद्ध नहीं थे. विभाग की ओर से तीन नमूने लिए गए थे, जिनमें से दो नमूने फेल पाए गए. बता दें कि अयोध्या में दर्शन के लिए आने वाले 99 फीसदी भक्त हनुमानगढ़ी मंदिर जरूर जाते हैं.

ऐसे में शुद्धता के साथ यह खिलवाड़ कई सवाल खड़े कर रहा है. यहां बजरंगबली को बेसन के लड्डू चढ़ाए जाते हैं. इससे पहले महंत संजय दास महाराज ने प्रसाद विक्रेताओं को चेतावनी दी थी. उन्होंने कहा था कि केवल अच्छी क्वालिटी के बेसन और शुद्ध देसी घी से ही प्रसाद बनाया जाए. यहां लड्डू का मूल्य चार सौ पचास से पांच सौ रुपये तक तय किया गया था. इसके बावजूद अशुद्धता चिंता का विषय बनी हुई है.

जांच रिपोर्ट में यह भी खुलासा हुआ है कि यहां की दुकानों से पनीर का सैंपल भी लिया गया था, जो फेल हो गया. खाद्य आयुक्त मानिक चंद्र सिंह ने बयान जारी कर चिंता जताई है. बता दें कि हनुमानगढ़ी मंदिर अयोध्या शहर का एक प्रमुख हिंदू मंदिर है, जो भगवान हनुमान को समर्पित है.

यह 10वीं शताब्दी का प्राचीन मंदिर है और उत्तर प्रदेश के अयोध्या में स्थित है, जो राम जन्मभूमि से मात्र 1 किलोमीटर दूर है. मंदिर तक पहुंचने के लिए 76 सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं, जो इसे एक किले जैसी संरचना प्रदान करती हैं.

Ayodhya Temple Prasad Temple Prasad Investigation Hanumangarhi Temple Prasad Hanumangarhi Temple News

Recent News