नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जल्द ही अपनी कैबिनेट में पहला बड़ा पुनर्गठन करने वाले हैं. सूत्रों के मुताबिक, अगले एक-दो दिनों में यह फेरबदल हो सकता है, जिसमें कई दिग्गज मंत्रियों के विभाग बदले जा सकते हैं. सबसे चर्चित नाम सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का है. गडकरी के मंत्रालय में बदलाव की प्रबल संभावना जताई जा रही है. इसके अलावा वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल खट्टर जैसे अहम चेहरों के पोर्टफोलियो भी प्रभावित हो सकते हैं.
NEET विवाद के बाद धर्मेंद्र प्रधान पर सस्पेंस
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पिछले कुछ समय से NEET पेपर लीक मामले को लेकर विपक्ष के घेरे में हैं. सूत्रों का कहना है कि इस विवाद के चलते उनसे शिक्षा मंत्रालय लिया जा सकता है. कैबिनेट विस्तार में पंजाब और सिख समुदाय को खास तवज्जो दी जा रही है. पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी की जगह किसी नए सिख चेहरे को मौका मिल सकता है. इस रेस में आम आदमी पार्टी से आए राघव चड्ढा का नाम भी जोर-शोर से चल रहा है.
शक्तिकांत दास बन सकते हैं वित्त मंत्री
सबसे दिलचस्प कयास RBI के पूर्व गवर्नर और पीएम के प्रधान सचिव शक्तिकांत दास को लेकर है. उन्हें सीधे कैबिनेट मंत्री बनाकर निर्मला सीतारमण की जगह वित्त मंत्रालय सौंपे जाने की चर्चा तेज है. सहयोगी दलों से महाराष्ट्र के एकनाथ शिंदे के बेटे और सांसद श्रीकांत शिंदे को कैबिनेट में जगह मिलने की संभावना है. बिहार के JDU प्रमुख नीतीश कुमार खुद मोदी कैबिनेट में शामिल हो सकते हैं, जिससे राज्य में NDA की पकड़ और मजबूत होगी.
पश्चिम बंगाल में TMC छोड़कर आए सुखेंदु शेखर राय को भी पुरस्कार मिल सकता है. यह फेरबदल सिर्फ मंत्रियों की अदला-बदली नहीं, बल्कि 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले भाजपा की सोशल इंजीनियरिंग और नई सियासी रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है. हालांकि, अभी तक सरकार की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. दिल्ली की सियासी गलियों में हलचल तेज है और हर कोई इस बड़े बदलाव का इंतजार कर रहा है!