Arrah Psycho Killer: भोजपुर के आरा क्षेत्र में रेल यात्रियों को निशाना बनाकर सामान लूटने और फिर उन्हें चलती ट्रेन से नीचे फेंक देने वाले आरोपी रोहित तिवारी को मंगलवार शाम को प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया गया है. आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की. आरोपी को अब पटना लाया जा रहा है. रोहित तिवारी को रेल यात्रियों को निशाना बनाने वाला ‘साइको किलर’ बताया जा रहा है.
उसकी कार्यशैली इतनी खतरनाक बताई जा रही है कि वह यात्रियों का सामान छीनने के बाद उन्हें ट्रेन के दरवाजे तक घसीट कर चलती ट्रेन से नीचे फेंक देता था. पटना जंक्शन (दानापुर रेल मंडल) से लेकर आरा, बक्सर, डीडीयू और आगे जबलपुर रेल मार्ग तक उसके कृत्यों की जांच चल रही है.
गिरफ्तारी में जीआरपी पटना, जीआरपी दानापुर और आरपीएफ आरा की संयुक्त टीम शामिल थी. प्रयागराज में कार्रवाई के बाद टीम आरोपी को लेकर पटना लौट रही है. पुलिस अब उससे पूछताछ कर रेल मार्ग पर हुई अन्य घटनाओं और संभावित सहयोगियों की जानकारी जुटाएगी. आरोपी भोजपुर जिले के शाहपुर प्रखंड अंतर्गत बारीसवां गांव का रहने वाला बताया गया है. पुलिस के अनुसार, वह ट्रेनों में यात्रा कर रहे यात्रियों को निशाना बनाता था.
सामान छीनने के बाद उन्हें ट्रेन के दरवाजे तक घसीट कर फेंक देता था. लूटे गए सामान की बरामदगी न होने के कारण लंबे समय तक सबूत जुटाने में चुनौती बनी रही और आरोपी के बारे में तत्काल कोई ठोस लीड भी नहीं मिल पाई. हाल के दिनों में दानापुर क्षेत्र में एक घटना के बाद रेल पुलिस और आरपीएफ ने मामला गंभीरता से लिया और निगरानी बढ़ा दी. सोमवार दोपहर जगजीवन हाल्ट के बाद एक ट्रेन में हुई घटना के बाद संदिग्ध की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी गई. तकनीकी जानकारी और लोकेशन डेटा के आधार पर पता चला कि वह प्रयागराज क्षेत्र में है.
इसके बाद संयुक्त टीम ने एक्शन प्लान बनाकर उसे गिरफ्तार कर लिया. रेल पुलिस अब आरोपी की गतिविधियों और पिछले मामलों की जांच कर रही है. यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसने किन ट्रेनों और किन रेल सेक्शनों में यात्रियों को निशाना बनाया तथा लूटे गए सामान का क्या किया. यह भी जांच की जा रही है कि इन घटनाओं में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं. पहले दर्ज रेल अपराधों से उसके संभावित लिंक की भी जांच चल रही है.
पटना पहुंचने के बाद जीआरपी और आरपीएफ टीमें रोहित तिवारी से विस्तृत पूछताछ करेंगी. पुलिस यह जानने की कोशिश करेगी कि किन परिस्थितियों में उसने यात्रियों को निशाना बनाया और अब तक ऐसी घटनाओं में उसकी कितनी भूमिका रही. सूत्रों के अनुसार, बुधवार को दानापुर में पुलिस प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले की पूरी जानकारी दे सकती है. इसमें गिरफ्तारी, आरोपी की कार्यशैली और जांच में मिले लीड्स की विस्तृत जानकारी शामिल हो सकती है.