राहुल गांधी का दावा, छापेमारी की योजना बना रही है ED, कहा- खुले हाथों से कर रहा हूं इंतजार

Global Bharat 02 Aug 2024 02:17: PM 2 Mins
राहुल गांधी का दावा, छापेमारी की योजना बना रही है ED, कहा- खुले हाथों से कर रहा हूं इंतजार

विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शुक्रवार को दावा किया कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) 29 जुलाई को संसद में उनके 'चक्रव्यूह' भाषण के बाद उन पर छापेमारी की योजना बना रहा है. कांग्रेस सांसद ने कहा कि ईडी के 'अंदरूनी लोगों' द्वारा उन्हें बताया गया कि छापेमारी की योजना बनाई जा रही है, जिसके बाद से वह 'खुले हाथों से इंतजार' कर रहे हैं.

एक्स पर एक पोस्ट में राहुल गांधी ने कहा कि जाहिर है कि 2 इन 1 को मेरा ‘चक्रव्यूह भाषण’ पसंद नहीं आया. ईडी के 'अंदरूनी लोगों' ने मुझे बताया कि छापेमारी की योजना बनाई जा रही है. उन्होंने कहा कि यह तब हुआ जब 29 जुलाई को लोकसभा में केंद्रीय बजट 2024 पर बोलते हुए मैंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को घेरा. उन्होंने कहा था कि देश के किसान, मजदूर और युवा डरे हुए हैं.

उन्होंने दावा किया था कि 21वीं सदी में एक नया 'चक्रव्यूह' बनाया गया है. हजारों साल पहले कुरुक्षेत्र में छह लोगों ने अभिमन्यु को चक्रव्यूह में फंसाकर मार डाला था. मैंने थोड़ा शोध किया और पाया कि चक्रव्यूह को पद्मव्यूह भी कहते हैं, जिसका अर्थ है कमल का फूल. चक्रव्यूह कमल के आकार का होता है. 21वीं सदी में एक नया चक्रव्यूह बनाया गया है, वह भी कमल के फूल के आकार का है. प्रधानमंत्री इसका प्रतीक अपने सीने पर पहनते हैं.

अभिमन्यु के साथ जो हुआ, उससे भारत बर्बाद हो रहा है, युवा, किसान, महिलाएं, छोटे और मध्यम व्यापारी बर्बाद हो रहे हैं. अभिमन्यु को छह लोगों ने मारा था. आज भी चक्रव्यूह के केंद्र में छह लोग हैं, जो भारत पर नियंत्रण कर रहे हैं. उन्होंने 6 लोगों में नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत, अजीत डोभाल, अंबानी और अडानी का जिक्र किया था.

इसके बाद भाजपा के लोकसभा सांसद अनुराग ठाकुर ने उन पर कटाक्ष किया था. उन्होंने कहा था कि कुछ लोग 'एक्सीडेंटल हिंदू' हैं और महाभारत के बारे में उनका ज्ञान भी एक्सीडेंटल है. उन्होंने कहा थि राहुल गांधी ने चक्रव्यूह का विषय उठाकर अच्छा किया, क्योंकि इस देश ने कांग्रेस पार्टी के कई चक्रव्यूह देखे हैं. उन्होंने कांग्रेस पर हमला करते हुए सात चक्रव्यूह गिनाए और कहा कि पहला चक्रव्यूह तो कांग्रेस ही थी, जिसने देश को बांटा.

PM मोदी ने की थी अनुराग ठाकुर की सराहना

इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा नेता अनुराग ठाकुर के भाषण की सराहना की थी. प्रधानमंत्री मोदी ने एक्स पर लिखा था , मेरे युवा और ऊर्जावान सहयोगी श्री @ianuragthakur का यह भाषण अवश्य सुनना चाहिए. तथ्यों और हास्य का एक आदर्श मिश्रण, जो इंडी गठबंधन की गंदी राजनीति को उजागर करता है.

Recent News