राहुल गांधी प्रदर्शनकारी छात्रों से मिले, मोदी सरकार पर हमला बोला- हिंसक शासन के सामने डटे युवा, लड़कियों पर गर्व

Amanat Ansari 16 Aug 2026 07:30 PM 1 Mins
राहुल गांधी प्रदर्शनकारी छात्रों से मिले, मोदी सरकार पर हमला बोला- हिंसक शासन के सामने डटे युवा, लड़कियों पर गर्व

नई दिल्ली: कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को उन छात्रों से मुलाकात की जो पिछले महीने प्रश्नपत्र लीक के मुद्दे पर तत्कालीन शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार पर निशाना साधते हुए छात्रों के साहस की तारीफ की.

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर करीब 11 मिनट का वीडियो शेयर किया, जिसमें वे छात्रों की बातें सुनते नजर आ रहे हैं. छात्रों ने उन्हें बताया कि 20 जुलाई को प्रदर्शन के दौरान उन्हें पुलिस की कथित बर्बरता और उत्पीड़न का सामना करना पड़ा. राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों ने शांति, प्रेम और हंसी-मजाक के साथ अपनी बात रखी.

उन्होंने प्रदर्शन में शामिल छात्राओं की खास तौर पर तारीफ की. उन्होंने कहा, “मुझे हर एक युवा पर गर्व है, खासकर उन लड़कियों पर, जिन्हें भाजपा के गुंडों की बदसलूकी, गाली-गलौज और हिंसा का सामना करना पड़ा.” उन्होंने दावा किया कि कुछ छात्राओं को प्रधानमंत्री से माफी मांगने के लिए भीमजबूर किया गया. उन्होंने कहा कि अब इन युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकेगा.

राहुल गांधी ने बताया कि छात्रों के साथ संवाद का कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ 22 अगस्त को पुणे पहुंचेगा. इस बार यह कार्यक्रम विशेष रूप से छात्राओं के लिए आयोजित किया जाएगा. उन्होंने कहा, “अब लड़कियां बोलेंगी, देश सुनेगा.” इससे पहले 5 अगस्त को राहुल गांधी ने छात्रों के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी, जिसमें मॉडल रिया अहीर भी शामिल थीं. रिया की पुलिस वैन रोकने वाली तस्वीर सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थी.

Rahul Gandhi Student Protest Exam Paper Leak

Recent News