पाकिस्तान में ‘रामायण’ का क्रेज: कराची के ऐतिहासिक मंदिर में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश का पोस्टर, ‘जय श्रीराम’ के नारे

Amanat Ansari 29 Oct 2026 04:02 PM 1 Mins
पाकिस्तान में ‘रामायण’ का क्रेज: कराची के ऐतिहासिक मंदिर में रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश का पोस्टर, ‘जय श्रीराम’ के नारे

कराची/मुंबई: नितेश तिवारी निर्देशित आने वाली फिल्म ‘रामायण’ का जादू अब पाकिस्तान तक पहुंच गया है. कराची में रहने वाले हिंदू समुदाय ने फिल्म को लेकर भारी उत्साह दिखाया है. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में लोग सड़कों पर ‘रामायण’ का पोस्टर लेकर घूमते, ढोल-नगाड़ों के साथ ‘जय श्रीराम’ के नारे लगाते और नाचते-गाते नजर आए.

वीडियो में महिलाएं ‘मेरे घर राम आए हैं’ गाना गाती दिखीं. एक महिला ने कहा कि रणबीर कपूर हम सबके फेवरेट हैं और फिल्म सुपरहिट हो. लोगों ने कराची के एक ऐतिहासिक मंदिर में जाकर फिल्म का पोस्टर भी लगाया. वीडियो बनाने वाले शख्स ने पूरी कास्ट को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि फिल्म न सिर्फ सुपरहिट हो बल्कि ऑस्कर भी जीते. मंदिर के पुजारी ने भी फिल्म देखने और उसका अमल करने की बात कही.

‘रामायण’ को नितेश तिवारी ने निर्देशित किया है. इसमें रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता और यश रावण की भूमिका में हैं. सनी देओल और रवि दुबे समेत अन्य कलाकार भी हैं. इसे नमित मल्होत्रा ने प्रोड्यूस किया है और इसे भारत की सबसे महंगी फिल्मों में से एक बताया जा रहा है. फिल्म 5 नवंबर को रिलीज होने वाली है, जबकि दूसरा पार्ट अगली दिवाली पर आने की संभावना है. 

यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में है. कई रिपोर्टों में कहा गया है कि पाकिस्तान में भारतीय फिल्मों की रिलीज पर लंबे समय से प्रतिबंध है, लेकिन सांस्कृतिक जुड़ाव के कारण समुदाय फिल्म को लेकर उत्साहित दिख रहा है. फिलहाल ‘रामायण’ को लेकर भारत और विदेशों में ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान के हिंदू समुदाय में भी उत्साह साफ नजर आ रहा है.

Recent News