लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने कॉमेडियन हर्ष गुजराल ने यूपी में अपराध को लेकर एक मजेदार किस्सा सुनाया, जिसे सुनकर सीएम योगी भी अपनी हंसी नहीं रोक पाए. लखनऊ में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने हर्ष गुजराल को अवॉर्ड देकर सम्मानित किया. इसके बाद हर्ष ने स्टेज पर स्पीच देते हुए यह किस्सा सुनाया. उनका रिएक्शन सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है.
हर्ष गुजराल ने कहा कि यूपी में पहले क्राइम बहुत ज्यादा था. उन्होंने बताया कि एक बार लखनऊ में शो करने आए थे और सड़कों पर टहलते हुए एक केले बेचने वाले से पूछ लिया कि यहां क्राइम का क्या सीन है. दुकानदार ने जवाब दिया कि यूपी में क्राइम अब बिल्कुल खत्म हो चुका है. जब हर्ष ने पूछा कि आपको कैसे पता, तो उसने कहा कि क्योंकि पहले मैं खुद एक क्रिमिनल था और अब यहां ठेले पर केले बेच रहा हूं.
सीएम योगी का रिएक्शन
यह किस्सा सुनते ही सीएम योगी ठहाके लगाकर हंस पड़े. उन्होंने हर्ष गुजराल की पीठ भी थपथपाई. हर्ष ने अवॉर्ड के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश रॉक्स. उन्होंने सीएम योगी की तारीफ भी की और कहा कि 30 करोड़ की जिम्मेदारी उठाकर आगे बढ़ना और माता-पिता तथा युवाओं को फैन बनाना मतलब कुछ तो अच्छा किया है.
हर्ष कानपुर से हैं और उन्होंने कॉमेडी के जरिए लोगों का स्ट्रेस दूर करने की बात भी कही. कार्यक्रम में सीएम योगी ने हर्ष को क्रिएटर ऑफ द ईयर अवॉर्ड से सम्मानित किया. यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में है, जिसमें हर्ष का हल्का-फुल्का अंदाज और सीएम योगी की हंसी दोनों ही ध्यान खींच रहे हैं.