ढाका: बांग्लादेश के पूर्व एयर फोर्स अधिकारी केएम तहसीफ सौरी (28) का शव ढाका की तुराग नदी से बरामद हुआ है. वह 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना के देश छोड़कर भागने वाले वीडियो से जुड़े बताए जा रहे थे. परिवार ने उनकी हत्या का आरोप लगाया है. तहसीफ सौरी मंगलवार (27 अक्टूबर) शाम को घर से निकले और लापता हो गए.
बुधवार (28 अक्टूबर) दोपहर करीब 4:30 बजे तुराग नदी में राजबारी घाट के पास उनका शव मिला. नदी पुलिस ने 999 हेल्पलाइन पर सूचना मिलने के बाद शव बरामद किया. शव पर सफेद पैंट और काली शर्ट थी. जेब में आईफोन और कलाई पर घड़ी मिली, जिससे उनकी पहचान हुई. शव को शहीद सुहरावर्दी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.
प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के मुताबिक शव पर बाहरी चोट के निशान नहीं मिले, हालांकि नाक से खून बहता दिखा. मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा.
तहसीफ के चचेरे भाई मोशफेका जहां ने आरोप लगाया कि उन्हें हसीना के वीडियो के कारण मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा और उनकी हत्या की गई. उन्होंने लिखा कि तहसीफ ने वीडियो खुद रिकॉर्ड नहीं किया था, बल्कि किसी सहकर्मी द्वारा बनाए गए वीडियो को शेयर किया था. परिवार का कहना है कि रिटायरमेंट के बाद भी उनकी निगरानी की जा रही थी.
पिता के अनुसार, मंगलवार शाम एक दोस्त के बुलावे पर तहसीफ घर से निकले थे. रात करीब 1:35 बजे उन्होंने मां को मैसेज किया कि “मम्मी, मैं आ रहा हूं”, उसके बाद संपर्क नहीं हो सका. परिवार आत्महत्या की संभावना से इनकार कर रहा है.
हसीना वीडियो से संबंध
5 अगस्त 2024 को शेख हसीना सैन्य विमान से ढाका छोड़कर भारत पहुंची थीं. उस वीडियो को रिकॉर्ड या शेयर करने का नाम तहसीफ से जोड़ा गया. कुछ रिपोर्टों में कहा गया कि उन्होंने वीडियो शेयर किया था, जबकि अन्य में रिकॉर्डिंग का जिक्र है.बांग्लादेश एयर फोर्स ने 2025 में एक बयान में कहा था कि उनकी रिटायरमेंट नियमों के अनुसार हुई और उनके खिलाफ कोई आरोप नहीं था. हालांकि, सोशल मीडिया और कुछ रिपोर्टों में वीडियो विवाद से उनके सेवा छोड़ने को जोड़ा गया.
अधिकारी अब तक वीडियो में उनकी भूमिका या मौत से उसके किसी संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं कर पाए हैं. जांच जारी है और अभी तक कोई एफआईआर दर्ज नहीं हुई है. यह घटना ऐसे समय हुई है जब हसीना की वापसी की चर्चा चल रही है.