नई दिल्ली: रिपब्लिकन पार्टी ऑफ़ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं भारत सरकार के सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास अठावले ने कहा कि आगामी पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में आरपीआई पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी में सभी सीटों पर एनडीए का समर्थन करेगी. रामदास अठावले ने कहा कि आरपीआई असम में चार सीटों पर उम्मीदवार खड़े कर रही है तथा अन्य सीटों पर भाजपा व अन्य सहयोगी दलों का समर्थन करेगी.
इसी प्रकार केरल में भी आरपीआई एक सीट पर अपना प्रत्याशी उतार रही है तथा बाकी सभी सीटों पर एनडीए प्रत्याशियों का सहयोग किया जाएगा. केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास अठावले ने कहा कि आरपीआई तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की 30 सीटों पर अपने प्रत्याशी उतार रही है तथा बाकी सीटों पर एनडीए के समर्थन में जन समर्थन जुटाएगी, रामदास अठावले ने कहा कि आगामी 31 मार्च को पुडुचेरी तथा 5 अप्रैल को पश्चिम बंगाल के कोलकाता जाकर जन जन तक माननीय प्रधानमंत्री की लोक कल्याणकारी नीतियों के विषय में बताएंगे, इसके अतिरिक्त अन्य राज्यों में चुनाव प्रचार की तिथि निर्धारित की जाएगी.
रामदास अठावले ने कहा कि बाबासाहेब डॉक्टर भीमराव आंबेडकर जी के सभी अनुयायियों का मैं आह्वान करता हूं कि देश को सशक्त बनाने के लिए आगामी विधानसभा चुनावों में सभी सीटों पर आरपीआई और एनडीए प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान कर माननीय प्रधानमंत्री जी के 2047 के विकसित भारत के संकल्प में सहभागी बनें.
केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास अठावले ने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनावों में एनडीए की भारी जीत होगी और यशस्वी प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में एनडीए गठबंधन सफलता का नया इतिहास रचेगी. रामदास अठावले ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में लोककल्याण के लिए किए गए कार्य तथा पांच राज्यों में एनडीए के जनकल्याणकारी नीतियों के माध्यम से हुआ ऐतिहासिक विकास ही भारी सफलता का आधार बनेगा.
रामदास अठावले ने कहा कि प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी ने समाज के कल्याण के लिए अनेकानेक योजनाएं शुरू की हैं और अनुसूचित जाति, जनजाति व अन्य वर्गों के जीवन को श्रेष्ठ बनाने के लिए सतत और समर्पित भाव से निरन्तर काम कर रहे हैं.
रामदास अठावले ने कहा की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में देश विकास की ओर अग्रसर है एवं देश के अंतिम व्यक्ति तक सभी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाना मोदी सरकार की प्राथमिकता है. केंद्र सरकार द्वारा दलित, वंचित व पिछड़े वर्ग के कल्याण के लिए विविध प्रकार की योजनाओं का क्रियान्वयन हो रहा है, जिससे प्रत्येक व्यक्ति लाभान्वित हो रहा है.