रविंद्र जडेजा ने खेला राजनीतिक दांव, क्या यहां भी लगाएंगे छक्के-चौके?

Global Bharat 05 Sep 2024 08:09: PM 1 Mins
रविंद्र जडेजा ने खेला राजनीतिक दांव, क्या यहां भी लगाएंगे छक्के-चौके?

इस साल टी20 वर्ल्ड कप में भारत की जीत के बाद, टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने टी 20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की. टी20 वर्ल्ड कप 2024 के बाद से लगातार जडेजा क्रिकेट से ब्रेक पर हैं. इसी महीने टीम इंडिया को बांग्लादेश के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है जिसमे उनकी टीम में वापसी की पूरी उम्मीद है. लेकिन इसी बीच टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने अपनी नयी पारी की भी शुरुआत की, ये पारी है राजनीति की. दरअसल रविंद्र जडेजा भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए हैं.

रवींद्र जडेजा की पत्नी और गुजरात की बीजेपी विधायक, रिवाबा जडेजा ने इस बात की जानकारी दी. रिवाबा जडेजा ने अपने और रवींद्र जडेजा के बीजेपी सदस्यता कार्ड की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफार्म "एक्स" (पूर्व में ट्विटर) पर साझा की हैं. इस पोस्ट में 2 सितंबर से शुरू हुए बीजेपी के "सदस्यता अभियान" का जिक्र किया गया था. उसी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस अभियान के तहत अपनी सदस्यता अपडेटेड की थी. 

गौरतलब हो, रिवाबा जडेजा खुद 2019 में बीजेपी में शामिल हुई थीं और 2022 में गुजरात विधानसभा चुनावों में जामनगर उत्तर सीट से चुनाव लड़ा था. चुनाव में रिवाबा ने 50,000 वोटों के अंतर से जीत हासिल की थी. इस दौरान रवींद्र जडेजा ने भी अपनी पत्नी के चुनाव प्रचार में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया था. 

जब रिवाबा जडेजा से पूछा गया कि रवींद्र जडेजा के पिता और बहन कांग्रेस के समर्थक थे, तो क्या इससे कोई समस्या हुई, उन्होंने साफ तौर पर कहा, "हम दोनों अलग नहीं, बल्कि एक हैं. हमारी विचारधाराएं और सोच एक जैसी हैं. हम एक-दूसरे के लिए बिल्कुल सही हैं और हमें जीवन में सही और गलत का पूरा यकीन है. परिवार के भीतर कोई असमंजस नहीं है, यह सिर्फ एक बौद्धिक मामला है."

आपको बता दें, बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने गुरुवार को बताया कि पार्टी के सदस्यता अभियान के पहले तीन दिनों में एक करोड़ से अधिक लोगों ने इसमें हिस्सा लिया है. रवींद्र जडेजा की राजनीतिक यात्रा उनके टी20 इंटरनेशनल से संन्यास के बाद एक नया अध्याय लेकर आई है, और उनके समर्थक यह देखने के लिए उत्सुक हैं कि वह राजनीति के क्षेत्र में किस तरह का योगदान देंगे.

Recent News