6 महीने बाद कब्र से निकाली गई सलमान की लाश, 13 साल की बेटी ने खोला राज, पत्नी का था अवैध संबंध

Amanat Ansari 02 Dec 2025 04:36: PM 1 Mins
6 महीने बाद कब्र से निकाली गई सलमान की लाश, 13 साल की बेटी ने खोला राज, पत्नी का था अवैध संबंध

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. मई महीने में हुई सलमान (उम्र करीब 35-40 साल) की मौत को लेकर परिवार में शुरू हुआ शक इतना गहरा गया कि छह महीने बाद उनकी कब्र खोदकर शव बाहर निकाला गया. अब दोबारा पोस्टमार्टम कराया जा रहा है ताकि यह पता चल सके कि मौत सामान्य थी या जहर देकर हत्या की गई.

मामला 31 मई 2025 का है. उस दिन सलमान की अचानक तबीयत बिगड़ी और कुछ ही घंटों में मौत हो गई. परिजनों ने जल्दी-जल्दी अंतिम संस्कार कर शव दफना दिया. उस वक्त कुछ लोगों ने कहा था कि शरीर नीला पड़ रहा है, इसलिए देर न करें. लेकिन 26 दिन बाद सलमान की 13 साल की बेटी ने अपने ताऊ सरफराज से कुछ ऐसा बताया जिसने पूरे परिवार को हिला दिया.

लड़की ने खुलासा किया कि उसकी मां का किसी बाहरी व्यक्ति से अवैध संबंध है और इसी बात को लेकर घर में आए दिन झगड़े होते थे. पिता की मौत वाले दिन भी मां-बाप में तीखी बहस हुई थी. इस बात के बाद परिवार को शक हुआ कि सलमान को जहर देकर मारा गया और फिर मामला दबाने के लिए जल्दी से दफना दिया गया.

मृतक के भाई सरफराज ने पुलिस व प्रशासन से लगातार गुहार लगाई. उन्होंने सलमान की पत्नी पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसके पहले भी कई अवैध रिश्ते रहे हैं और इस बार उसने पति को रास्ते से हटाने के लिए जहर दिया. काफी मशक्कत के बाद एसडीएम ने आदेश दिया और रविवार को कब्र खोदकर शव बाहर निकाला गया. अब इसे दोबारा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.

एसपी सिटी व्योम बिंदल ने बताया, “परिजनों की शिकायत और एसडीएम के निर्देश पर शव को कब्र से निकलवाया गया है. पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि मौत की असली वजह क्या थी. रिपोर्ट के आधार पर ही आगे कार्रवाई होगी.” परिवार का दावा है कि अगर पोस्टमार्टम में जहर या कोई संदिग्ध बात सामने आई तो पत्नी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया जाए. फिलहाल पूरे इलाके में इस घटना ने सनसनी फैला दी है.

Salman death case Saharanpur crime husband killed Wife affair

Recent News