लखनऊ: समाजवादी पार्टी की मथुरा महानगर अध्यक्ष ऋतु गोयल ने पार्टी के ही प्रदेश सचिव जागेश्वर यादव के खिलाफ गंभीर शिकायत दर्ज कराई है. हाईवे थाने में दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू हो चुकी है. ऋतु गोयल का दावा है कि वे 2027 के विधानसभा चुनाव में मथुरा सदर सीट से टिकट की मजबूत दावेदार हैं.
उन्होंने आरोप लगाया कि जागेश्वर यादव पिछले काफी समय से उन्हें ब्लैकमेल कर रहे हैं. कथित तौर पर आरोपी ने कहा कि पार्टी का उच्च नेतृत्व उनके नियंत्रण में है और टिकट दिलवाने के बदले उन्हें 2 लाख रुपये देने होंगे, जिसे उन्होंने 'चौथ' का नाम दिया. शिकायत में यह भी जिक्र है कि पहले ही 20 हजार रुपये लिए जा चुके हैं.
इसके अलावा ऋतु गोयल ने बहुत गंभीर आरोप लगाए हैं. श्लील व्यवहार करने का और बच्चों के अपहरण की धमकी देने का. उनके मुताबिक, तीन महीने पहले आरोपी ने उनके साथ गलत हरकत की. जब उन्होंने पैसे देने से मना किया और दबाव नहीं माना, तो एक कार्यकर्ता के फोन पर कॉल करके बच्चों को अगवा करने की धमकी दी गई. ऋतु ने कहा है कि वे इस पूरी घटना की जानकारी पार्टी के शीर्ष नेताओं को भी दे चुकी हैं.
दूसरी ओर, जागेश्वर यादव ने इन सभी आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद और झूठा करार दिया है. उनका कहना है कि ऋतु गोयल से उनकी कभी निजी मुलाकात नहीं हुई, न ही कोई फोन पर बातचीत हुई. उन्होंने इसे अपनी छवि धूमिल करने की सोची-समझी राजनीतिक चाल बताया है. हाईवे थाने के सीओ अनिल कपरवान ने बताया कि यह संवेदनशील मामला है.
पुलिस सारे सबूतों, जैसे कॉल डिटेल्स, गवाहों के बयान और अन्य दस्तावेजों की गहराई से जांच कर रही है. जो भी सच सामने आएगा, उसके आधार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. यह घटना मथुरा की सियासी हलचल को और तेज कर रही है, जहां पार्टी के अंदरूनी कलह अब खुले मैदान में आ चुकी है.