UP Crime News: अपराध की दुनिया में कई चौंकाने वाली घटनाएं सामने आती रहती हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश के वाराणसी से आई यह घटना बेहद हैरान करने वाली है. यह मामला आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अनुपमा पटेल (उर्फ सीता) की बेरहमी से हुई हत्या का है, जिसमें आरोपी कोई और नहीं बल्कि उनका कथित प्रेमी मोहित यादव और मोहित की पत्नी अंजलि चौहान हैं.
अनुपमा शिवपुर थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुर में शारदा विहार कॉलोनी में रहती थीं. वह घर से पैकेट वाला दूध बेचने का काम भी करती थीं. शादीशुदा होने के बावजूद उनके कोई संतान नहीं थी, जिसकी कमी वह महसूस करती थीं. इसी कॉलोनी में किराए के मकान में रहने वाला मोहित यादव अक्सर दूध लेने उनके पास आता था. बातचीत से शुरू हुआ सिलसिला धीरे-धीरे करीबी में बदल गया और दोनों के बीच अवैध संबंध स्थापित हो गए.
पुलिस जांच में सामने आया कि अनुपमा मोहित से बच्चा चाहती थीं और इसके लिए उन पर लगातार दबाव बना रही थीं. वह शारीरिक संबंध बनाने के लिए जोर देती थीं और मना करने पर पुलिस में शिकायत करने या फंसाने की धमकी भी देती थीं. इस बीच मोहित की शादी अंजलि से हो गई, लेकिन अनुपमा का दबाव कम नहीं हुआ. आखिरकार परेशान मोहित ने सारी बात अपनी पत्नी अंजलि को बता दी. दोनों ने मिलकर अनुपमा को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की भयानक योजना बनाई.
योजना के मुताबिक, मोहित और अंजलि पहले पांडेयपुर क्षेत्र के एक होम स्टे में रुके. 11 दिसंबर की सुबह वे अनुपमा के घर की ओर निकले. घर के पास पहुंचकर अंजलि कुछ दूरी पर रुक गई, जबकि मोहित पीछे के रास्ते से घर में घुस गया. घर में मौजूद पत्थर के सिलबट्टे और स्टील के ड्रम से उसने अनुपमा के सिर, चेहरे और गर्दन पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
हत्या के अगले ही दिन पुलिस ने मामले का खुलासा कर दिया और मोहित यादव (21) व अंजलि चौहान (21) को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी दंपति की यह साजिश और कबूलनामा सुनकर पुलिसकर्मी भी स्तब्ध रह गए. यह घटना इलाके में दहशत पैदा करने वाली है और एक बार फिर अवैध संबंधों के खतरनाक अंजाम को उजागर करती है.