शिमला SDM ओशिन शर्मा के सप्लीमेंट प्रमोशन पर सोशल मीडिया पर हंगामा!

Amanat Ansari 26 Feb 2026 08:43: PM 1 Mins
शिमला SDM ओशिन शर्मा के सप्लीमेंट प्रमोशन पर सोशल मीडिया पर हंगामा!

Shimla Oshin Sharma: हिमाचल प्रशासनिक सेवा की अधिकारी और शिमला (शहरी) की एसडीएम ओशिन शर्मा सोशल मीडिया पर अपनी फिटनेस से जुड़ी पोस्ट्स के लिए जानी जाती हैं. वे नियमित रूप से जिम वर्कआउट, एक्सरसाइज और हेल्दी लाइफस्टाइल से संबंधित फोटो व वीडियो शेयर करती रहती हैं. हाल ही में उन्होंने फेसबुक पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें एक फिटनेस सप्लीमेंट कंपनी के प्रोडक्ट्स का जिक्र है.

वीडियो में वे कंपनी से मिले पहले पार्सल को अनबॉक्स करते दिख रही हैं और अपने फिटनेस जर्नी को बेहतर बनाने के लिए इसे इस्तेमाल करने की बात कह रही हैं. साथ ही उन्होंने एक स्पेशल कोड भी शेयर किया, जिससे फॉलोअर्स को 10% छूट मिल सकती है. कैप्शन में उन्होंने लोगों को अपनी फिटनेस यात्रा शुरू करने के लिए प्रेरित किया. इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर काफी चर्चा छिड़ गई.

कई यूजर्स ने इसे सरकारी पद पर रहते हुए प्राइवेट कंपनी के प्रोडक्ट का प्रमोशन बताया और सवाल खड़े किए. कुछ कमेंट्स में कहा गया कि एसडीएम जैसे संवैधानिक पद पर निजी उत्पादों का प्रचार सेवा आचरण नियमों के खिलाफ हो सकता है. एक यूजर ने लिखा कि सरकारी नौकरी के साथ ऐड से भी कमाई कर रहे हैं. किसी ने सीएम सुखविंदर सुक्खू को टैग कर सख्त कार्रवाई की मांग की. एक महिला यूजर ने इसे "पेड प्रमोशन" करार देते हुए ब्यूरोक्रेसी पर तंज कसा.

एडवोकेट दिनेश द्रोच जैसे यूजर ने विनम्र तरीके से निवेदन किया कि ऐसे पद पर निजी प्रोडक्ट्स से दूरी बनाए रखनी चाहिए. कुछ लोग इसे सामान्य फिटनेस शेयर मानते हुए उनका समर्थन भी कर रहे हैं, लेकिन ज्यादातर प्रतिक्रियाएं नकारात्मक रहीं और विवाद बढ़ता दिख रहा है. यह मामला सरकारी अधिकारियों के सोशल मीडिया इस्तेमाल और प्राइवेट प्रमोशन की सीमाओं पर बहस छेड़ रहा है.

Shimla SDM Oshin Sharma Supplementary promotion Shimla SDM Supplementary SDM Supplementary Video

Recent News