रामपुर : उत्तर प्रदेश के रामपुर में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव ने जौहर यूनिवर्सिटी और पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को लेकर बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर यूनिवर्सिटी के साथ किसी भी तरह की गलत कार्रवाई करने वाले छोटे कर्मचारी से लेकर बड़े अधिकारी तक को सजा दी जाएगी.
शिवपाल यादव ने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी को बचाना है और इसके लिए पूरी समाजवादी पार्टी एकजुट होकर साथ खड़ी है. उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी की लड़ाई में सभी छात्रों और युवाओं को साथ लिया जाएगा. Gen G और छात्रों ने सरकार के अहंकार को दूर करने का काम किया है.
आजम खान का जिक्र करते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि उन्होंने जेल में उनसे कहा कि पूरे प्रदेश में घूमकर सरकार बनाने के लिए काम करो. उन्होंने दावा किया कि आजम खान समाजवादी पार्टी से नाराज नहीं हैं. गठबंधन को लेकर उन्होंने कहा कि जिसे भी बात करनी है, वह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से बातचीत करे.
शिवपाल यादव ने आजम खान की जेल में स्थिति को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि आजम खान तकलीफ में हैं, उन्हें जमीन पर लेटाया जा रहा है और दवाइयों की भी उचित व्यवस्था नहीं की जा रही है. उन्होंने भाजपा सरकारों पर निशाना साधते हुए उन्हें अंधी, बहरी, भ्रष्ट और बेईमान’ करार दिया.
शिवपाल यादव ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी भाजपा को हराकर उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी. उन्होंने साफ कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी को बचाने की लड़ाई में पार्टी छात्रों, युवाओं और सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ेगी.