नई दिल्ली: वोटर लिस्ट में अपना नाम जुड़वाने या कोई बदलाव कराने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है. भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने गुरुवार को एक महत्वपूर्ण फैसला लिया है. आयोग ने 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में मतदाता सूची के स्पेशल समरी रिवीजन (SSR) की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया है.
इस प्रक्रिया में उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, मणिपुर, गोवा के अलावा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, असम, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात, केरल, लक्षद्वीप, मध्य प्रदेश, पुडुचेरी, राजस्थान, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल शामिल हैं. आयोग ने जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 21 के तहत इन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को मतदाता सूची की जांच और अपडेट करने का आदेश दिया है. इस पुनरीक्षण के लिए पात्रता की तारीख 1 जनवरी 2027 तय की गई है.
यह फैसला ऐसे समय में आया है जब देशभर में वोटर लिस्ट के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विवाद चल रहा है. सुप्रीम कोर्ट ने विपक्षी नेता राहुल गांधी और ‘इंडिया’ गठबंधन के कई अन्य नेताओं द्वारा दायर याचिका पर चुनाव आयोग को नोटिस जारी किया है. याचिका में SIR प्रक्रिया को चुनौती दी गई है.
आयोग ने स्पष्ट किया है कि जिन राज्यों में SIR प्रक्रिया चल रही है या हाल ही में पूरी हुई है, वहां SSR का कार्यक्रम बाद में घोषित किया जाएगा. यह प्रक्रिया उन लोगों के लिए महत्वपूर्ण है जो अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाना चाहते हैं, पता बदलवाना चाहते हैं या कोई अन्य सुधार कराना चाहते हैं. प्रभावित राज्यों के मतदाताओं को इस अवसर का लाभ उठाना चाहिए.