MDS Student Raped in Ranchi: रांची में एमडीएस की एक छात्रा के साथ दुष्कर्म का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. पीड़िता की सहेली ने उसे बर्थडे पार्टी में आमंत्रित किया था. पार्टी रांची के हरमू इलाके में गोकुल वाटिका अपार्टमेंट के एक फ्लैट में रखी गई थी. सहेली ने छात्रा को बताया कि वहां अन्य लड़कियां भी आएंगी. पार्टी के दौरान केक और पिज्जा में नशीला पदार्थ मिला दिया गया. इसे खाने के बाद छात्रा बेहोश हो गई.
इसी स्थिति का फायदा उठाकर मुख्य आरोपी मो. दानिश ने उसके साथ दुष्कर्म किया. उसके और दोस्तों ने भी बारी-बारी से लड़की के साथ रेप किया. अगली सुबह जब छात्रा की तबीयत बिगड़ी और रक्तस्राव होने लगा, तब उसे रांची के आर्किड अस्पताल में भर्ती कराया गया. अस्पताल से सूचना मिलने के बाद लालपुर पुलिस ने मामला दर्ज किया. पुलिस की स्पेशल टीम (एसआईटी) ने तकनीकी सहायता से आरोपियों का पता लगाया. मुख्य आरोपी मो. दानिश और उसके साथी मो. फहद मल्लिक पश्चिम बंगाल के खड़गपुर में भागने की कोशिश कर रहे थे, जहां से उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.
छात्रा की सहेली को भी रांची से ही पकड़ा गया. एसआईटी की इस टीम का नेतृत्व कांके थाना प्रभारी साक्षी जमुआर ने किया. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी दानिश हिंदपीढ़ी और फहद लोअर बाजार के रहने वाले हैं. मामले में शामिल चौथा आरोपी शादाब अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी कर रही है. पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा और पूरे मामले में तेजी से ट्रायल कर दोषियों को सख्त सजा दिलाई जाएगी.