भाजपा सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने RJD प्रमुख लालू यादव के बयान पर कहा कि मुझे लगता है कि अपने INDI गठबंधन को बिखराव से बचाने के लिए वे यह बयान दे रहे हैं. मुझे लगता है कि लालू प्रसाद यादव जो बोल रहे हैं उसका अर्थ है कि बिहार में उनका गठबंधन खतरे में है.
इससे पहले केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने राजद प्रमुख लालू यादव के बयान पर पलटवार किया था. उन्हों कहा था कि पांच साल में उनके (लालू यादव) कार्यकर्ता तैयारी नहीं कर पाए थे. परिणाम सबके सामने है, कितनी सीटों पर लड़े और कितनी सीटों पर जीत हासिल की, यह सभी जानते हैं.
अपने कार्यकर्ताओं को उलझाने और फंसा कर रखने के लिए ऐसे बयान दे रहे हैं. अभी अगस्त की तारीख दी है, फिर दिसंबर और फिर आगले पांच साल की तारीख देंगे. जिस मज़बूती से PM के नेतृत्व में यह सरकार चल रही है, अगले पांच साल यह सरकार PM के नेतृत्व में कई बड़े और कड़े फैसले लेगी.
लालू यादव ने क्या कहा था...
दरअसल, शुक्रवार राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के स्थापना दिवस पर राजद प्रमुख ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) को लेकर बड़ा बयान दिया था. उन्होंने कहा था कि अगस्त महीने में ही केंद्र की मोदी सरकार गिर जाएगी और देश में INDIA गठबंधन की सरकार बनेगी. लालू यादव ने कहा था कि सभी पार्टी के कार्यकर्ता तैयार रहें, क्योंकि कभी भी चुनाव हो सकते हैं. आगे उन्होंने कहा कि दिल्ली मोदी सरकार बहुत कमजोर है और कभी भी गिर सकती है. वहीं तेजस्वी यादव को लेकर उन्होंने कहा कि हम तेजस्वी यादव की अगुवाई में ही चुनाव लड़ेंगे और तेजस्वी यादव राजद का कमान संभालेंगे.
तेजस्वी पर साधा निशाना...
क्राइम को लेकर तेजस्वी यादव के ट्वीट पर चिराग पासवान ने कहा कि हम इस पर कोई सफाई नहीं देंगे, लेकिन तेजस्वी यादव को 90 के दशक में अपनी पार्टी के शासनकाल के दौरान हो रहे अपराधों को भी याद करना चाहिए और उस समय के कार्यकाल को देखना चाहिए और आकलन करना चाहिए उस समय का अपराध ग्राफ क्या था और अभी का क्या है.
विपक्षी नेताओं से की अपील...
चिराग ने कहा कि बिहर में उस समय यानी 90 के दशक में इससे अधिक अपराध होता था. चिराग ने कहा कहा कि मैं विपक्ष से अपील करता हूं कि वे सकारात्मक भूमिका अदा करें. जहां तक बात रही क्राइम रेट की तो उस पर सीएम नीतीश कुमार ध्यान दे रहे हैं. उन्होंने कहा कि वे भी इस मुद्दे पर सीएम से बात कर चुके हैं और सरकार भी मामले को गंभीरता से ले रही है.