मुंबई: बॉलीवुड स्टार सनी देओल अपनी अपकमिंग फिल्म ‘बंटवारा 1947’ का प्रमोशन करते हुए पटना पहुंचे. वहां एक पत्रकार ने जब उनसे पाकिस्तान के मौजूदा राजनीतिक हालात पर राय मांगी तो सनी ने स्मार्ट जवाब दिया. एक्टर ने कहा कि फिल्म की शूटिंग पूरी तरह भारत में हुई है, पाकिस्तान में नहीं.
उन्होंने याद दिलाया कि बंटवारे से पहले भारत और पाकिस्तान एक ही मुल्क थे. सनी ने बताया कि उनके पिता धर्मेंद्र हमेशा कहते थे, ''यह (भारत) मेरी मां है और वह (पाकिस्तान) मेरी मौसी.'' इसलिए दोनों देश कहीं न कहीं एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं. पाकिस्तान की मौजूदा राजनीतिक स्थिति पर टिप्पणी करने से उन्होंने साफ इनकार कर दिया.
सनी ने कहा, ''मैं उस सब में ज्यादा जाना नहीं चाहता. हम सब एक्टर्स हैं, मेकर्स हैं. हम कहानियां सुनते हैं और कहानियां बनाते हैं. उसे राजनीतिक रूप से नहीं ले जाते और न जाना चाहते हैं.'' 'बंटवारा 1947' 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है. फिल्म भारत-पाक बंटवारे पर आधारित है.